स्वामी विवेकानंद के चरित्र निर्माण के संदेशों का अपने जीवन में करें समावेष

 


सवांददाता, के,के,कुशवाहा


आगरा। एनसीसी आर्मी विंग आगरा कॉलेज, आगरा द्वारा स्वामी विवेकानंद की 158वीं जयंती के पूर्व दिवस पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन कॉलेज के सेमीनार हॉल में किया गया। गोष्ठी का शुभारम्भ प्राचार्य डॉ एसके मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


गोष्ठी में उपस्थित कैडेट्स को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए आगरा कॉलेज दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ उमेश चंद्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्पायु में ही सम्पूर्ण विश्व में भारत की धर्म ध्वजा को पुन: फहराकर, उस समय के विश्व के लोगों का ध्यान भारत की ओर खींचने का महत्वपूर्ण कार्य किया। एनसीसी कैडेट युवा हैं, उन्हें अनुशासन के साथ ही स्वामी विवेकानंद के चरित्र निर्माण के संदेशों को अपने जीवन में समावेष करना चाहिए। आज जब देश के कुछ शिक्षा परिसरों से देश को तोड़ने की आवाज सुनाई देती है, तब विवेकानंद जी का आदर्श ही भटके हुए युवाओं को सही राह दिखा सकता है।


उन्होंने स्वामी जी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं की चर्चा करते हुए अपील की कि छात्र स्वामी जी के आदर्शों को अपनाकर अपने व्यक्तित्व को प्रभावी बना सकते हैं।


कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं। उन्होंने छुआछूत से लेकर अंधविश्वास, देशभक्ति से लेकर अध्यात्म, चरित्र व उत्तम स्वास्थ्य तक समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपने विचार एवं दर्शन का प्रभाव छोड़ा है। सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध उन्होंने पाखंडियों को सदैव ललकारा। उन्होंने जीवन की अनेक घटनाऐं आज के परिप्रेक्ष में प्रत्येक भारतवासियों को प्रभावित करती है। आज जब संपूर्ण विश्व विनाश के कगार पर खड़ा है, तब केवल स्वामी जी के दर्शन से ही विश्व को इस तबाही से बचाया जा सकता है।


गोष्ठी में 1 उ.प्र. बटालियन के हवलदार सुखविंदर सिंह, नितिन शर्मा, वैभव शर्मा, देव चाहर, सूरज कुशवाहा, अरून तरकर, अरविंद, संदीप चौहान, रितेश परिहार, कैडेट आराध्या, गुंजन पचौरी, दीप्ति, कमलेश, नंदनी, अर्चना, प्रिया, कीर्ति, लकी शर्मा आदि कैडेट्स ने भी अपने विचार व्यक्त किये।


आभार यूओ अनिकेत शर्मा ने तथा संचालन रेशमा ने किया। अतिथियों का स्वागत कैडेट वेदवती ने किया। एसयूओ शुभम यादव, एसयूओ आशुतोष सिंह, यूओ विश्वजीत सिकरवार आदि कैडेट्स ने व्यवस्थाएं संभाली।