पूरे हुए 02 वर्ष : राम मंदिर निर्माण की प्रगति से रूबरू हुआ मीडिया।

 


हिन्दुस्तान वार्ता।शाश्वत तिवारी

अयोध्या: विशेष रूप से रामलला विराजमान मंदिर के दर्शन पूजन के साथ मंदिर निर्माण के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अयोध्या के साथ प्रदेश मुख्यालय एवं अन्य जिलों के मीडिया द्वारा निर्धारित समय 12 से 02 बजे तक मंदिर निर्माण के सम्बंध में अवलोकन किया गया तथा फोटोग्राफी एवं विडियोग्राफी की गयी। 

प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी द्वारा 2020 की 05 अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए भूमि पूजन किया गया था, उसके क्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा 02 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अयोध्या, लखनऊ एवं आसपास के लगभग 150 से 175 मीडिया बन्धुओं को मंदिर निर्माण की अद्यतन प्रगति से रूबरू कराया गया तथा रामलला की मध्यान आरती का दर्शन किया गया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनिल मिश्र ने मीडिया बन्धुओं को बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण स्थल का दर्शन करने के लिए विगत 01 जून को अवसर प्रदान किया गया था उसके बाद आज भूमिपूजन के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मीडिया कर्मियों के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि निर्माण की अद्यतन प्रगति से सभी रामभक्तों एवं श्रद्वालुओं को अवगत कराने का उद्देश्य है। श्रीराम जन्मभूमि निर्माण स्थल के दर्शन के दौरान निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों द्वारा मीडिया कर्मियों को अद्यतन प्रगति, निर्माण पूर्ति की तिथि आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी तथा निर्माण से सम्बंधित नक्कासी, पत्थरों की कटिंग एवं ढलाई आदि कार्यो की अद्यतन स्थिति के बारे में भी जानकारी दी गयी। 

उक्त अवसर पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं मंदिर से जुड़े अन्य गणमान्य व्यक्ति, राम जन्मभूमि क्षेत्र के शरद शर्मा, राम शंकर, गोपाल, धर्मवीर, प्रेम त्रिपाठी, गिरीश चन्द्र, एलएनटी से जुड़े विनोद मेहता, विनोद शुक्ला एवं विनोद सिंह, आरएमओ अर्जुन देव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

इस खास मौके पर डीएम नितीश कुमार ने कहा कि आज के आयोजन का मुख्य उद्देश्य मीडिया के माध्यम से रामभक्तों एवं श्रद्वालुओं को राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराते हुये प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि पर कार्य को पूर्ण कराना है। उप निदेशक सूचना डा0 मुरलीधर सिंह ने सभी उपस्थित मीडिया बन्धुओं का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पावन नगरी अयोध्या धाम में निर्मित हो रहे भव्य रामलला मंदिर का विश्व भर में प्रचार प्रसार करना है।