पंचतत्व में विलीन,माँ हीराबेन।देश में शोक की लहर।

      

                     


हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कुमार चौधरी

गाँधी नगर(गुजरात)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ हीराबेन मोदी का 100 साल की उम्र में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर में स्थित अपनी मां हीराबेन मोदी के आवास पर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी स्वर्गीय मां हीराबेन मोदी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी को गांधीनगर में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके कहा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में हमने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।मैं जब उनसे100 वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि કામ કરો બુદ્ધિથી, જીવન જીવો શુદ્ધિથી यानि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।

प्रधानमंत्री मोदी के परिवार ने कहा कि हम इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाओं के लिए सभी का धन्यवाद करते हैं। 

सभी से हमारा विनम्र अनुरोध है कि दिवंगत आत्मा को अपने विचारों में रखें और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और प्रतिबद्धताओं को जारी रखें। हीराबा को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में आज के निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों में कनेक्टिविटी से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत और राष्ट्रीय गंगा परिषद की बैठक शामिल है।

नम आंखों से माँ को दी अंतिम विदाई।

पीएम मोदी,मां हीरा बा की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने नम आंखों से मां हीरा बा के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इसके पश्चात हीरा बा को गांधीनगर में हिंदू सनातन रीति-रिवाज के मुखाग्नि दी गई।

पीएम मोदी समेत भाइयों ने दी मुखाग्नि।

इसी के साथ पीएम मोदी की मां हीराबा पंचतत्व में विलीन हो गई। पीएम मोदी समेत अन्य पुत्रों सोमाभाई, प्रह्लाद और पंकज भाई ने मुखाग्नि दी। इससे पूर्व शुक्रवार सुबह गांधीनगर स्थित रायसण क्षेत्र की सोसायटी से हीराबा की अंतिम यात्रा निकली। अंतिम यात्रा सेक्टर 30 के मुक्तिधाम पहुंची। यहां हीराबा का अंतिम संस्कार किया गया।

शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में,मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

 मोदी की मां के निधन पर राष्ट्रपति ने ट्वीट कर जताया दुख।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी की माता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का सौ वर्षों का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। श्री मोदी ने ‘मातृदेवोभव’ की भावना और हीराबा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला। मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं!

वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी ट्वीट करते हुए पीएम मोदी की माता के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा ”माननीय प्रधानमंत्री की माता जी हीराबेन मोदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। उन्होंने मातृत्व के गुण को दर्शाते हुए सादगी और उदात्तता का उदाहरण दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। ॐ शांति ॐ”

पीएम मोदी की माँ के निधन पर,देश में शोक की लहर।

पीएम मोदी की मां के निधन पर पार्टी के कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। पार्टी ने शुक्रवार को अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। वहीं, राज्य में सरकारी आयोजनों पर भी शुक्रवार को विराम रहेगा। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी हैं और कहा कि एक मां की मृत्यु किसी के जीवन में ऐसा खालीपन छोड़ जाती है जिसे भरना असंभव है।

पीएम मोदी की मां को श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हीरा बा ने परिवार के पालन पोषण के लिए जो संघर्ष किया वह सभी के लिए रोल मॉडल है। आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश पीएम मोदी और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

 पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, संबित पात्रा और के अन्नामलाई सहित भाजपा नेताओं ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निधन पर दुख व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी की मां हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि ईश्वर की रचना में मां और बच्चे के बीच के बंधन के रूप में अनमोल और अवर्णनीय कुछ भी नहीं है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि एक मां के निधन से पैदा हुए शून्य को भरा नहीं जा सकता है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनके विचार और प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।

 राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हीराबेन मोदी के निधन के बारे में सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके विचार और प्रार्थना पूरे परिवार के साथ हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री की मां हीराबा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री बिरला ने कहा कि मां ही व्यक्ति के जीवन को संस्कारों से पोषित करती है। उन्होंने कहा कि हीराबा का सदाचारी जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी, महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार, लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले, राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह , कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा, टीएमसी लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा और कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।