विदेशों में बड़े उत्साह से मनाया गया,9वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस। भारतीय दूतावास ने आयोजित किए कार्यक्रम।



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

भारत को योग का जनक माना जाता है। शरीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ्य रहने के लिए योग बेहद लाभकारी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत ही नहीं पुरे विश्व ने योगाभ्यास किया। 9 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय से योग सत्र का नेतृत्व किया।

पोखरा मेट्रोपॉलिटन सिटी, नेपाल पर्यटन बोर्ड और पतंजलि योगपीठ नेपाल के सहयोग से काठमांडू में भारतीय दूतावास ने पोखरा में नौवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। नेपाल के पर्यटन मंत्री सुदन किराती और धनराज आचार्य सहित एक हजार से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया।

लंदन में लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सेंट्रल लंदन के ट्राफलगर स्क्वायर में योग किया। यह कार्यक्रम यूके में भारतीय उच्चायोग और लंदन के मेयर द्वारा आयोजित किया गया। ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने भी सेंट्रल लंदन के ट्राफलगर स्क्वायर में लोगों के साथ योग किया। 

जापान में ICCR (विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, टोक्यो) द्वारा योग​ दिवस की तैयारियां की गयीं। सुकीजी होंगवानजी मंदिर में "अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस" के मौके पर सुबह 7-8 बजे तक लोग एकत्र हुए और योग दिवस मनाया गया। भारत के दूतावास के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने टोक्यो में योग करते और 'ओम' का जाप करते हुए लोगों का वीडियो ट्वीट किया।

कुवैत में भारतीय दूतावास के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से लोगों द्वारा योग करते हुए एक वीडियो ट्वीट किया गया। इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों,उत्साही लोगों, राजनयिक कोर के सदस्यों, कुवैत के लोगों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी भाग लिया।

मस्कट में भारत के दूतावास ने नेशनल ट्रैवल ऑपरेटर और ओमरान ग्रुप की सहायक कंपनी विजिट ओमान के सहयोग से संयुक्त रूप से "सोलफुल योगा-सेरेन ओमान" शीर्षक से एक लघु वीडियो जारी किया। यह अभूतपूर्व पहल पहली बार चिह्नित करती है कि भारत और ओमान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक माध्यम के रूप में योग का उपयोग कर रहे हैं और ओमानी नागरिकों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों दोनों के लिए योग के सद्भाव का संदेश फैला रहे हैं।

27 सितंबर 2014 में भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने संयुक्त महासभा में इसका प्रस्ताव रखा। उन्होंने पूरी दुनिया से योग दिवस को मनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने पास कर दिया। महज तीन माह के भीतर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन का ऐलान किया। इसके बाद से अगले वर्ष 2015 में पहली बार विश्व ने योग दिवस मनाया गया।

रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी