"कबीर जयंती"पर ग्रैंड होटल आगरा में साहित्य और संगीत का अद्भुत समागम।



हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा।चेतना इंडिया और साहित्य संगीत संगम आगरा के संयुक्त तत्वावधान में 'कबीर जयंती' के अवसर पर 4 जून 2023 को ग्रैंड होटल आगरा कैंट में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।इस अवसर पर आकाशवाणी दिल्ली की वरिष्ठ समाचार वाचक श्रीमती चंद्रिका जोशी मुख्यअतिथि थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण डंग ने की। मुख्य वक्ता कवि एवं लेखक डॉ.आर एस तिवारी 'शिखरेश' थे।

उन्होंने संत कबीर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके साहित्य पर विस्तार से चर्चा की।

 डॉ.'शिखरेश' ने मौजूदा दौर के साहित्यकारों का आह्वान किया कि वह अपने लेखन में कबीर के बेबाकीपन और निष्पक्षता को अपनाने का प्रयास करें।मुख्य अतिथि श्रीमती चंद्रिका जोशी ने साहित्य और कला में,' समर्पित भावना' के समावेश पर बल दिया। अध्यक्ष अरुण डंग ने कहा कि साहित्य,संगीत और कला एक दूसरे से जुड़े हुए हैं।इन तीनों के समन्वय से ही हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रवाह सशक्त बनता है।

इस अवसर पर साहित्यकार डॉ. प्रभा गुप्ता की दो कृतियों 'बिंदु से सिंधु तक' एवं 'इंद्रधनुष जीवन के' का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में उदीयमान दिव्यांग उत्साही स्पोर्ट्समैन 'यश कुमार' का 'चेतना इंडिया' और 'साहित्य संगीत संगम' की ओर से अभिनंदन और सम्मान किया गया। इन्होंने विगत 3 वर्षों के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 5 स्वर्ण 3 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किया है। समारोह में 'साहित्य संगीत संगम' के कला साधकों द्वारा कबीर,डॉ. प्रभा गुप्ता और जीवन चंद्र पंत की रचनाओं की संगीतबद्ध प्रस्तुति की गई।

सुशील 'सरित', पूजा तोमर और सुभाष सक्सेना के गायन से दर्शक और श्रोतागण भावविभोर हो उठे। तबले पर संगत की 'परमानंद' जी ने । कार्यक्रम के आरंभ में चेतना इंडिया के संयोजक दुर्ग विजय सिंह 'दीप' ने उपस्थिति का स्वागत किया ।संचालन वरिष्ठ कवि और साहित्यकार सुशील 'सरित' ने किया।

 इस अवसर पर डॉ असीम आनंद डॉ रमेश आनंद इंदल सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में साहित्य संगीत संगम के अध्यक्ष डॉ.राजेंद्र मिलन ने आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट-असलम सलीमी।