चैम्बर के प्रयास लाए रंग। नगला रामबल खत्ताघर के सौंदर्यीकरण का मंडलायुक्त ने किया आदेश।
नगर निगम ने शुरू किया सर्वे,शहर के पर्यावरण में होगा सुधार।
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा: नगला रामबल में खत्ताघर जो एक टीले का रूप ले चुका है,उसके सौंदर्यीकरण हेतु चैम्बर द्वारा लगातार प्रयास किये गये हैं।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं वृक्षारोपण प्रकोष्ठ के चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल ने बताया कि शहर के पर्यावरण एवं जल समस्या को लेकर उनके प्रकोष्ठ के माध्यम से सम्बन्धित विभागों के साथ निरंतर प्रयास किये गये। प्रतिनिधि मंडल द्वारा मेयर महोदया से भी भेंट की। नगर निगम के अभियन्ता श्री इंद्रजीत के साथ स्थल का निरीक्षण कराया और अभियन्ता के द्वारा नगर निगम को निरीक्षण रिपोर्ट के साथ अनुमानित व्यय बनाकर प्रेषित किया जा चुका है। इस विषय को मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी के संज्ञान में भी लाया गया। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में भी ये मुद उठाया गया। प्रकोष्ठ चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल ने 10 नवम्बर, 2023 को पत्र मंडलायुक्त को लिखा। मंडलायुक्त ने चैम्बर के इस पत्र को संज्ञान में लेते हुए दिनांक 5 दिसंबर, 2023 को नगर आयुक्त को 15 दिन के अन्दर वर्तमान स्थिति से अवगत कराने के लिए निर्देशित किया। जिसके फलस्वरूप इस योजना पर कार्य शुरु हो चुका है।
अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि जैसा कि दिनांक 9 जनवरी 2024 को समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है कि इस खत्ताघर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यह चैम्बर के प्रयासों के फलस्वरूप संभव हो सका है। यह चैम्बर की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस पहल हेतु प्रकोष्ठ चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल की सफलता की सराहना की। इससे शहर के पर्यावरण में सुधार होगा।सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इस खत्ताघर में वृक्षारोपण की जिम्मेदारी भी चैम्बर द्वारा ली गयी है।