लक्स मोटर शो-एडिशन 2 का भव्य शुभारंभ,दीप प्रज्वलन से हुआ आगाज़




रफ्तार,रॉयल्टी और भविष्य की मोबिलिटी का संगम

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। लग्ज़री कारों का शौक केवल तेज़ रफ्तार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह तकनीक,प्रतिष्ठा और भविष्य की सोच का प्रतीक होता है। जब विश्वस्तरीय डिज़ाइन,शक्तिशाली प्रदर्शन और पर्यावरण-अनुकूल नवाचार एक मंच पर एकत्र होते हैं,तब वह आयोजन एक यादगार अनुभव बन जाता है। इसी अनुभव की झलक शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्योर में देखने को मिली,जहाँ लक्स मोटर शो-एडिशन 2का भव्य शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि किशोर खन्ना, चेयरमैन- रोमसन्स ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लक्स मोटर शो जैसे आयोजन यह प्रमाणित करते हैं कि लक्ज़री ऑटोमोबाइल संस्कृति अब केवल मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं रही है। टियर-2 शहरों में भी विश्वस्तरीय तकनीक, डिज़ाइन और प्रदर्शन को लेकर गहरी समझ और रुचि विकसित हो रही है। आगरा जैसे ऐतिहासिक शहर में इस स्तर का आयोजन होना यहाँ के बदलते उपभोक्ता और भविष्य की मोबिलिटी के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि आज ऑटोमोबाइल उद्योग एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहाँ इलेक्ट्रिक और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई तकनीकों को नज़दीक से समझने का अवसर मिलता है और उपभोक्ताओं में जागरूकता भी बढ़ती है। उन्होंने द कार मॉल और लक्स मोटर शो की पूरी टीम को इस दूरदर्शी पहल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर द कार मॉल के संस्थापक शिवम चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय लक्स मोटर शो-एडिशन 2 में 11 अंतरराष्ट्रीय लक्ज़री ऑटोमोबाइल ब्रांड्स भाग ले रहे हैं, जो किसी भी टियर-2 शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पहले संस्करण की शानदार सफलता के बाद एडिशन 2 को और अधिक भव्य रूप दिया गया है, जिसमें लक्ज़री कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों और भविष्य की मोबिलिटी पर विशेष फोकस रखा गया है। शो में बड़ी संख्या में ईवी और नेक्स्ट-जेन मॉडल्स प्रदर्शित किए जाएंगे, जो बदलते ऑटोमोबाइल परिदृश्य को दर्शाते हैं।

इस अवसर पर सृष्टि चावला ने कहा कि इलेक्ट्रिक कारें केवल तकनीकी उन्नति का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी हैं। उन्होंने कहा कि ईवी वाहनों से प्रदूषण में कमी आती है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करने में सहायक हैं। लक्स मोटर शो जैसे आयोजन लोगों को यह समझाने का माध्यम हैं कि लक्ज़री और पर्यावरणीय जिम्मेदारी एक साथ संभव है।

लक्स मोटर शो-एडिशन 2 में को लक्ज़री कार डिस्प्ले,इमर्सिव टेस्ट ड्राइव, क्यूरेटेड लाइफस्टाइल ज़ोन्स और प्रीमियम नेटवर्किंग का विशेष वातावरण है। इस अवसर पर होटल ग्रांड मार्क्योर के महाप्रबंधक विवेक महाजन, अमित खत्री, रोहित डेंग,शिखा जैन आदि उपस्थित रहे।