रोजर फैक्ट्री मालिक के यहाँ चोरी की घटना का 3 दिन में खुलासा,पुलिस की त्वरित कार्यवाही की डीसीएफएलआई चेयरमैन की सराहना



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद (डीसीएफएलआई) के चेयरमैन पूरन डावर ने रोजर फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का मात्र तीन दिनों में सफल खुलासा करने पर आगरा पुलिस की सराहना की है।

डीसीएफएलआई चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि आगरा पुलिस ने रविवार रात रोजर फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करते हुए पूरी नकदी,बहुमूल्य आभूषण एवं चाँदी के बर्तन बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की सजगता, प्रतिबद्धता और उच्च स्तरीय पेशेवर क्षमता का परिचायक है। उन्होंने पुलिस आयुक्त श्री दीपक कुमार के सशक्त नेतृत्व एवं कुशल निर्देशन की विशेष रूप से प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि इस मामले के सफल अनावरण में एसीपी श्री अक्षय मोरडियाक,एसीपी श्री आदित्य तथा थाना प्रभारी सिकंदरा श्री त्रिपाठी द्वारा दिन-रात किए गए अथक प्रयास निर्णायक सिद्ध हुए हैं। पुलिस की इस समयबद्ध कार्यवाही से उद्योग जगत का कानून-व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

यह कार्रवाई मा.मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है,जिसकी बदौलत उत्तर प्रदेश आज सुरक्षित औद्योगिक वातावरण वाला राज्य बनकर उभरा है।