पुस्तिका ‘एक सफर तिरस्कार से सत्कार तक भाग-2’ का विमोचन
पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान हेतु,वरि.छायाचित्र पत्रकार असलम सलीमी सम्मानित
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : कुष्ठ सेवा सदन,पूर्वीगेट, ताजमहल,आगरा में ‘लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी’ के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ‘कुष्ठ निवारण दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक चौबे थे। अध्यक्षता पूरन डावर,चेयरमैन,लैदर एवं फुटवियर उद्योग विकास परिषद ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों एवं अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं उनके समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात दो मिनट का मौन रखकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी गई। प्रतिभा तलेगांवकर एवं शुभ्रा तलेगांवकर द्वारा श्रीराम धुन एवं वैष्णव भजन का गायन किया गया।
इस अवसर पर पुस्तिका ‘एक सफर तिरस्कार से सत्कार तक भाग-2’ का विमोचन किया गया। सचिव डॉ0 मधु भारद्वाज ने बताया कि पुस्तिका में कुष्ठ रोग के साथ-साथ अन्य रोगों से सम्बन्धित वरिष्ठ चिकित्सकों के लेखों का समावेश है,जो कि पाठकों के लिए लाभप्रद सिद्ध होंगे।
डॉ0 मधु भारद्वाज ने कहा कि यह बिल्डिंग 1861 की बनी हुई है, जिसमें कुष्ठ रोगियों को निःशुल्क रहने, खाने-पीने एवं दैनिक आवश्यक सामान की व्यवस्था शहर के दानदाताओं द्वारा की जाती है। यह बिल्डिंग 165 वर्ष पुरानी है, जिसमें यह सोसाइटी पिछले 49 वर्षों से कुष्ठ रोगियों के लिए सेवा कार्य कर रही है। कुष्ठ सेवा सदन कुष्ठ रोगियों के लिए घर जैसा है। साथ ही उन्होंने भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष पूरन डावर,चेयरमैन,लैदर एवं फुटवियर उद्योग विकास परिषद ने कहा कि गाँधी जी के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ एवं आगरावासियों से अपील करता हूँ कि कुष्ठ रोगियों की तन-मन-धन से सेवा करें। कहा भी गया है कि 'नर सेवा,नारायण सेवा'।
इस अवसर पर वरिष्ठ छायाचित्र पत्रकार असलम सलीमी को छायाचित्र पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान एवं सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया।असलम सलीमी ने कहा कि लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सम्मान पाकर मैं गौरवान्वित हूँ एवं सोसाइटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। इस अवसर पर लोपामुद्रा विद्या मन्दिर,जालमा परिसर, ताजगंज, आगरा के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ0 ए0एस0 सचान ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय दिया। साथ ही सोसाइटी के अतीत की भी जानकारी दी और भविष्य में इसी प्रकार कुष्ठ रोगियों की सेवा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य हम सबके सहयोग से ही संभव हो पाते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अशोक चौबे ने कहा कि गाँधी जी ने हमें दीन-दुखियों की सेवा करना सिखाया। दीन-दुखियों की सेवा ही गाँधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। हमें माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। सह-अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ0 डी0वी0 शर्मा, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के आदर्शों पर चलकर पूर्व सचिव डॉ0 वेद भारद्वाज द्वारा कुष्ठ रोगियों की जो सेवा की गई,वह अतुलनीय है। कुष्ठ रोगियों की सेवा करने की प्रेरणा मुझे उनसे ही मिली।
इस अवसर पर आयोजित विचार-गोष्ठी में डॉ0 राजकमल, डॉ0 डी0वी0 शर्मा, सुनयन शर्मा, महेश धाकड़, श्रीकृष्ण, डा0 उमापति दीक्षित आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। काव्य-गोष्ठी में डॉ0 राजेन्द्र मिलन, डॉ0 सुषमा सिंह, प्रभुदत्त उपाध्याय, डॉ0 यशोयश, विजया तिवारी, उमाशंकर आचार्य आदि ने काव्य-पाठ किया। कार्यक्रम आयोजित कराने में कु0 गरिमा भारद्वाज, शिवशंकर बघेल, रामभरोसी एवं गुल मोहम्मद का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर वी0के0 गुप्ता,राजीव सक्सेना,भानुप्रताप सिंह,जी0एस0 मनराल,रमन देव, डॉ0 ममता अरोड़ा, डॉ0 नेहा मिश्रा, इन्दिरा, भावना उपाध्याय, शशिरंजन, हर्ष आर्या, विक्रम गुप्ता, आभा चतुर्वेदी, आदि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ0 आर0सी0 अग्रवाल द्वारा किया किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ0 मधु भारद्वाज ने किया।
रिपोर्ट : असलम सलीमी



