हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : आस्था,संयम और ग्राम कल्याण की भावना का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ग्राम महाव, सैंया,तहसील खेरागढ़,आगरा निवासी संजय शर्मा (एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट) ने ग्राम वासियों की सुख-शांति,समृद्धि एवं सामाजिक कल्याण की कामना को लेकर श्री गोरखनाथ मंदिर,गोरखपुर तक पैदल यात्रा का शुभारंभ किया।
इस पावन संकल्प की पूर्ति हेतु संजय शर्मा ने सर्व प्रथम अपने ग्राम की सात परिक्रमा कर सात दिनों तक कठोर मौन व्रत का पालन किया,उनका यह तपस्वी मौन व्रत 2 फरवरी को पूर्ण हुआ,इसके उपरांत 3 फरवरी को उन्होंने पूर्ण श्रद्धा और निष्ठा के साथ ग्राम महाव से गोरखपुर स्थित श्री गोरखनाथ धाम के लिए अपनी पदयात्रा प्रारंभ की।
संजय शर्मा ने बताया कि यह यात्रा उनके जीवन की एक गहन आध्यात्मिक साधना है,जिसके माध्यम से वे बाबा गोरखनाथ के चरणों में नमन कर अपने ग्राम, समाज एवं राष्ट्र के लिए सुख, शांति,समृद्धि और सद्भाव की प्रार्थना करेंगे। उन्होंने कहा कि यह संकल्प केवल व्यक्तिगत नहीं,बल्कि समस्त ग्राम वासियों की मंगलकामनाओं से जुड़ा हुआ है।
पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर ग्राम में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। ग्राम वासियों ने उन्हें पुष्पवर्षा, शुभकामनाओं और मंगलकामनाओं के साथ विदा किया तथा बाबा गोरखनाथ से उनकी यात्रा के सफल,सुरक्षित एवं मंगलमय होने की कामना की।
यह पदयात्रा न केवल आस्था और विश्वास का प्रतीक है,बल्कि समाज को संयम, सेवा और संकल्प के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।मुख्य रूप से खेरागढ़ विधायक श्री भगवान सिंह कुशवाहा सहित पैदल पदयात्रा की शुभकामनाएं देने कई गणमान्य लोग पहुंचे। उन्हें सभी ने नम आंखों,भक्ति भाव के साथ विदा किया।




