हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
गौतमबुद्ध नगर। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर बी. एस.रावत ने डॉ.प्रवीन रंजन सिंह को ग्रेटर नोएडा का पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किए जाने पर उनका हार्दिक स्वागत किया है। उन्होंने शॉल और गुलदस्ता देकर अभिनंदन करते हुए कहा कि डॉ. प्रवीन रंजन एक अनुभवी एवं कुशल पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। जनसधारण के बीच उनकी छवि जनहित में त्वरित कार्यवाही, दृढ़ प्रशासनिक निर्णय एवं ईमानदार व एक सजग अधिकारी के रूप बनी हुई है।
इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि आईपीएस डॉ.प्रवीन रंजन सिंह गाजियाबाद में भी बहुत पहले तैनात रह चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश के जिन अन्य जिलों में कार्यरत रहे, वहां उनकी अधिकतर लोग प्रंसशा करते हैं। अब उन्हें ग्रेटर नोएडा का पुलिस उपायुक्त बनाया गया है तो एक बार फिर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
डॉ.बच्चन ने कहा कि दो दिन पहले उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री दर्पण डैशबोर्ड के स्तर पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरी को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। राज्य के 75 जिलों में नोएडा पुलिस ने सर्वश्रेष्ठ पुलिसिंग की मिसाल कायम कर दूसरा स्थान बनाया है,जिसका श्रेय पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व को जाता है और उन्होंने ही डॉ. प्रवीन रंजन सिंह को ग्रेटर नोएडा का पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया है। ऐसे में डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह के सामने जहां सर्वश्रेष्ठ पुलिसिंग की मिसाल कायम रखने की एक बड़ी चुनौती है,वहीं क्षेत्र के लोगों को उनसे बड़ी उम्मीदें भी हैं। स्वयं पुलिस उपायुक्त डॉ.प्रवीन रंजन सिंह कहते हैं, “मेरे लिए जनता की सुरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर रावत उनका अभिनंदन करते हुए कहते हैं कि ग्रेटर नोएडा उत्तर भारत का आवासीय, औद्योगिक एवं शैक्षिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण हब माना जाता है। डॉ. सिंह निश्चित ही यहां अपने मधुर व्यवहार, प्रशासनिक अनुभव एवं कुशल नेतृत्व से कानून का शासन स्थापित करने में बेहतर साबित होंगे। मैं डॉक्टर साहब को पुनः समस्त क्षेत्र वासियों की तरफ से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।

