सपा संस्थापक के पुत्र प्रतीक यादव का निधन, राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,बुधवार सुबह करीब 6 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निधन के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अपर्णा यादव दिल्ली में थीं। पति के निधन की सूचना मिलते ही वह लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।

प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। समाजवादी पार्टी सहित विभिन्न दलों के नेताओं और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है

सपा संस्थापक के पुत्र प्रतीक यादव का निधन,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार :

 समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 39 वर्ष के थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को उपचार के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे उनकी हालत अचानक खराब हुई थी। सूचना मिलने पर डॉक्टर उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पहुंचे और बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट भी मौजूद थे। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। 

इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव  भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परिवार की इच्छा के अनुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से 3 मई को स्वस्थ होने के बाद घर लौट आए थे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है तथा प्रतीक यादव का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिया गया है। मृत्यु के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रतीक यादव ने लंदन की एक यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की थी। उनका व्यवसाय फिटनेस और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ा था। राजनीति से वह दूर रहते थे। उनकी और अपर्णा यादव की दो बेटियां हैं।

रिपोर्ट : मनमोहन जी