अगस्त समापन, ‘Agra Moves Better’ नहीं,आगरा की सेहत के लिए AOS की मुहिम रहेगी जारी



30 से अधिक स्थानों पर BMD स्क्रीनिंग,36 गतिविधियों के साथ माहव्यापी अभियान का समापन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 30 अगस्त। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS) के माहव्यापी जन-जागरूकता अभियान ‘Agra Moves Better 2026’ का रविवार को फेयरफील्ड बाय मैरियट, आगरा में आयोजित समारोह के साथ औपचारिक समापन हुआ। सोसायटी ने स्पष्ट किया कि 30 अगस्त अभियान के अगस्त चरण के समापन की तारीख है, जन-जागरूकता अभियान की नहीं। हड्डी, जोड़, मांसपेशी और सम्पूर्ण मस्कुलोस्केलेटल स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।

समापन समारोह में डॉ. एस.सी. साहू मुख्य अतिथि तथा डॉ. अशोक विज विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में अभियान की पूरी यात्रा को फिल्म एवं प्रभाव प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

AOS अध्यक्ष डॉ.अतुल कुलश्रेष्ठ, सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा तथा जन-जागरूकता समिति के अध्यक्ष डॉ. डी.वी. शर्मा ने कहा कि ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की भूमिका केवल दर्द, चोट या बीमारी के बाद उपचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए। समय रहते सही जानकारी, स्क्रीनिंग और जीवनशैली में छोटे बदलावों से अनेक मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं एवं चोटों के जोखिम को कम किया जा सकता है।

पुलिस लाइन से एयरफोर्स और स्कूल से वृद्धाश्रम तक पहुँचा अभियान :

‘Agra Moves Better-2026’ की खासियत रही कि यह किसी एक अस्पताल या आयु वर्ग तक सीमित नहीं रहा। आगरा पुलिस से शुरू हुआ अभियान चिकित्सालयों, मेडिकल कॉलेजों, विद्यालयों, महिला समूहों, वरिष्ठ नागरिकों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, खिलाड़ियों, रोडवेज कर्मचारियों, जिला कारागार, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, Air Force Station Agra, Agra Airport तथा CISF तक पहुँचा।

महिलाओं में रजोनिवृत्ति के बाद हड्डियों की कमजोरी एवं ऑस्टियोपोरोसिस, वरिष्ठ नागरिकों में गिरने और फ्रैक्चर से बचाव, विद्यार्थियों में सही पोश्चर एवं मजबूत हड्डियाँ, स्वास्थ्यकर्मियों में कार्यस्थल की सही मुद्रा, कर्मचारियों में एर्गोनॉमिक्स तथा खिलाड़ियों में चोटों की रोकथाम जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

30 से अधिक स्थानों पर BMD स्क्रीनिंग :

अभियान के दौरान शहर के 30 से अधिक स्थानों पर BMD स्क्रीनिंग गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अभियान के आधिकारिक अभिलेख में 36 BMD-संबंधित गतिविधियाँ दर्ज हैं। विभिन्न आयु एवं सामाजिक वर्गों के बड़ी संख्या में लोगों की हड्डियों की स्क्रीनिंग की गई।

प्रारंभिक आंकड़ों से संकेत मिले हैं कि स्क्रीनिंग कराने वाले लोगों में लगभग आधे की बोन डेंसिटी सामान्य से कम हो सकती है। AOS ने स्पष्ट किया कि ये केवल प्रारंभिक स्क्रीनिंग संकेत हैं और इन्हें ऑस्टियोपीनिया या ऑस्टियोपोरोसिस का अंतिम निदान नहीं माना जाना चाहिए। संपूर्ण BMD डेटा का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा रहा है और अंतिम परिणाम 10 सितंबर 2026 को जारी किए जाएंगे।

सोसायटी ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में की गई BMD जांच स्क्रीनिंग है। कम बोन डेंसिटी के संकेत मिलने पर चिकित्सकीय मूल्यांकन तथा आवश्यकता के अनुसार DEXA Scan जैसी मानक जांच कराई जानी चाहिए।

‘यह केवल AOS नहीं, पूरे आगरा का अभियान बना’:

AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि चिकित्सकों ने अपना समय और विशेषज्ञता दी, लेकिन शहर की अनेक संस्थाओं और व्यक्तियों ने अस्पतालों, विद्यालयों, कार्यस्थलों और समुदायों के द्वार खोले। इसी सहभागिता से ‘Agra Moves Better’ केवल AOS का कार्यक्रम न रहकर पूरे आगरा का अभियान बन सका।

अभियान के शुभारम्भ में श्री राम मोहन कपूर के विशेष सहयोग के लिए AOS ने आभार व्यक्त किया। पुलिस लाइन एवं प्रशांत मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रमों में आगरा पुलिस, वामा सारथी एवं पुलिस अस्पताल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

अभियान में एफ.एच. मेडिकल कॉलेज, एस.एन. मेडिकल कॉलेज, इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल, Pushpanjali Hospital, Rainbow Hospital, Goyal Hospital, Ishwari Devi Hospital, Kapoor Orthopaedic Center, Japnam Hospital तथा Purushottam Das Savitri Devi Hospital सहित अनेक स्वास्थ्य संस्थाओं ने सहयोग किया।

इसी प्रकार अपना घर–अन्नपूर्णा महिला आश्रम, लायन्स क्लब, इनर व्हील, रोटरी क्लब, चतुर्वेदी महिला मंडल, विजय क्लब, रामलला वृद्धाश्रम, ICAI आगरा, Round Table, विभिन्न विद्यालयों, खेल संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों ने अभियान को अलग-अलग वर्गों तक पहुँचाया।

‘दर्द से स्वतंत्रता’ का संदेश :

स्वतंत्रता दिवस पर अभियान के माध्यम से ‘दर्द से स्वतंत्रता’ का संदेश दिया गया। खेल गांव में सक्रिय एवं स्वस्थ जीवन, UPSRTC क्षेत्रीय कार्यशाला ईदगाह में चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों एवं कर्मचारियों के लिए सड़क सुरक्षा, एर्गोनॉमिक्स और CPR तथा खेल संस्थानों में injury prevention पर जागरूकता कार्यक्रम हुए।

Ashok Auto Sales और Ashok Cosmos Mall में कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली एवं सही मुद्रा की जानकारी दी गई। Prakhar Badminton Academy में खिलाड़ियों को वार्म-अप, कंडीशनिंग, रिकवरी, सही तकनीक और खेल चोटों से बचाव के बारे में बताया गया।

जिला कारागार से एयरफोर्स और एयरपोर्ट तक :

जिला कारागार आगरा में महिला बंदियों एवं स्टाफ की BMD स्क्रीनिंग और हड्डी स्वास्थ्य जागरूकता की गई। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं वृद्धाश्रमों को भी अभियान से जोड़ा गया।

Air Force Station Agra में वायुसेना कर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए BMD स्क्रीनिंग और मस्कुलोस्केलेटल स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके बाद Agra Airport एवं CISF कर्मियों के बीच BMD, कार्यस्थल एर्गोनॉमिक्स और CPR पर जागरूकता कार्यक्रम हुए।

कैंसर सर्वाइवर्स,महिलाओं और विद्यार्थियों तक पहुँचा संदेश :

अभियान के अंतिम चरण में प्रो. सी.आर. चतुर्वेदी मेडिकल कॉम्प्लेक्स में आम नागरिकों के लिए निःशुल्क BMD स्क्रीनिंग की गई। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में डॉ. बृजेश शर्मा के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम हुआ।

पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी हॉस्पिटल में डॉ. संदीप अग्रवाल के सहयोग से कैंसर सर्वाइवर्स, महिलाओं, अस्पताल कर्मचारियों और मरीजों के तीमारदारों के लिए ऑस्टियोपोरोसिस एवं मस्कुलोस्केलेटल स्वास्थ्य पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. संदीप अग्रवाल ने कैंसर मरीजों एवं सर्वाइवर्स में हड्डियों की सेहत और ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

समापन समारोह में सहयोगियों का सम्मान :

समापन समारोह में ग्रुप कैप्टन डॉ. प्रशांत मिश्रा, श्री बी.पी. अग्रवाल (आर.एम. रोडवेज), श्री तुलाराम शर्मा (जी.एम. रोडवेज), जी.एम. टेक्निकल रोडवेज, श्री राम कपूर, श्री नकुल मनचंदा, श्रीमती पिंकी जैन एवं श्रीमती सोनल बंसल (रोटरी क्लब एवं इनर व्हील), डॉ.बृजेश शर्मा को एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की ओर से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा डॉ. अश्वनी सदाना को एफ.एच. मेडिकल कॉलेज के वाइस चेयरमैन श्री फारूकी की ओर से, Sun Pharma के श्री गुरप्रीत सिंह, डॉ. रजनीश मिश्रा तथा डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा को उनके विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

AOS ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि उन सभी संस्थाओं एवं समुदायों के प्रति आभार का प्रतीक है, जिन्होंने अभियान के लिए अपने द्वार खोले और सक्रिय भागीदारी की।

BMD स्क्रीनिंग में फार्मा कंपनियों का सहयोग '

AOS ने बताया कि इतने व्यापक स्तर पर BMD स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन सहयोगी फार्मा कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराई गई BMD मशीनों, मानव संसाधन और मैदानी सहयोग के बिना संभव नहीं था। सोसायटी ने विशेष रूप से Sun Pharma, IPCA और Emcure के प्रति आभार व्यक्त किया।

पूरे अभियान को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए श्री रजत अस्थाना का विशेष आभार व्यक्त किया गया। समापन समारोह में सहयोग के लिए श्री गुरप्रीत सिंह एवं Sun Pharma के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की गई।

‘रोकथाम को उपचार जितना महत्व देना होगा’ :

AOS अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आधुनिक ऑर्थोपेडिक चिकित्सा में केवल बीमारी अथवा फ्रैक्चर का उपचार पर्याप्त नहीं है। समाज में ऐसी सोच विकसित करनी होगी, जिसमें लोग हड्डियों और जोड़ों की देखभाल समस्या उत्पन्न होने के बाद नहीं, बल्कि उससे बहुत पहले शुरू करें।

उन्होंने कहा कि बच्चों में मजबूत हड्डियों की नींव, युवाओं में व्यायाम एवं सही मुद्रा, महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस के प्रति जागरूकता तथा वरिष्ठ नागरिकों में गिरने से बचाव स्वस्थ समाज के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।

कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव वोहरा ने कहा कि एक महीने तक शहर के अलग-अलग स्थानों और समुदायों में कार्यक्रम आयोजित करना AOS सदस्यों, सामाजिक संस्थाओं, अस्पतालों, विद्यालयों, सरकारी विभागों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवकों, फार्मा सहयोगियों और समुदाय के सामूहिक प्रयास से संभव हुआ।

जन-जागरूकता समिति के अध्यक्ष डॉ. डी.वी. शर्मा ने कहा कि अभियान की मूल सोच लोगों के अस्पताल पहुँचने का इंतजार करने के बजाय चिकित्सकों को समाज के बीच ले जाना था। विभिन्न समुदायों की आवश्यकताओं के अनुसार अलग-अलग स्वास्थ्य संदेश तैयार किए गए।

मीडिया को जनस्वास्थ्य जागरूकता का महत्वपूर्ण सहभागी बताया :

समापन समारोह में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया की भूमिका की भी सराहना की गई। AOS ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रम का प्रभाव केवल कार्यक्रम स्थल तक सीमित नहीं रहता। समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी समाज के बड़े वर्ग तक पहुँचती है, तभी कोई स्वास्थ्य कार्यक्रम वास्तविक जन-अभियान का रूप लेता है।

AOS सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि चिकित्सक सही जानकारी दे सकते हैं, लेकिन उसे शिविर या सभागार से निकालकर पूरे शहर तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया से अगस्त के बाद भी ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया, सड़क सुरक्षा, चोटों की रोकथाम, सही पोश्चर, खेल चोटों, स्वस्थ वृद्धावस्था और मस्कुलोस्केलेटल स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को समाज तक पहुँचाने में सहयोग जारी रखने का आग्रह किया।

अब अगस्त के बाद भी जारी रहेगा अभियान :

AOS के अनुसार प्रत्येक वर्ष 4 अगस्त को Bone & Joint Day के आसपास जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की ‘5 Weeks–5 Programmes’ परिकल्पना को ‘Agra Moves Better–2026’ के माध्यम से शहरव्यापी स्वरूप दिया गया।

AOS ने घोषणा की कि अब जन-जागरूकता केवल अगस्त तक सीमित नहीं रहेगी। World Trauma Day और World Arthritis Day जैसे अवसरों को सामुदायिक कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा तथा चोटों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा, गठिया, ऑस्टियोपोरोसिस, सही मुद्रा, खेल चोटों, स्वस्थ वृद्धावस्था और मस्कुलोस्केलेटल स्वास्थ्य पर लगातार कार्यक्रम किए जाएंगे।

सोसायटी ने आगरा के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, अस्पतालों, खेल संस्थाओं, सरकारी विभागों, आवासीय समूहों और अन्य संगठनों को AOS के साथ जुड़कर अपने विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सदस्यों एवं समुदाय के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आमंत्रण दिया।

डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा, “एक अगस्त को हमने एक अभियान शुरू किया था। तीस अगस्त तक शहर ने उसे अपना बना लिया। अब हमारी जिम्मेदारी है कि यह केवल अगस्त 2026 की स्मृति बनकर न रह जाए। हमारा प्रयास रहेगा कि Agra Moves Better आगरा को स्वस्थ, सुरक्षित और गतिशील रखने की एक निरंतर पहल बने।”अगस्त समाप्त हो रहा है पर Agra Moves Better नहीं।

बेहतर हड्डियाँ • बेहतर जोड़ • बेहतर गतिशीलता • बेहतर जीवन

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसायटी (AOS)

डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ — अध्यक्ष

डॉ. संजय चतुर्वेदी — सचिव

डॉ. संजीव वोहरा — कोषाध्यक्ष

डॉ. डी.वी. शर्मा — अध्यक्ष, जन-जागरूकता समिति