मृदंग-मंजीरों संग कीर्तन करते हुए दिया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का निमंत्रण

 


कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में 4 सितम्बर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, 5 सितम्बर को होगा नन्दोत्सव

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। श्रीहरि की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, मृदंग और मंजीरों पर गूंजती कीर्तन की स्वरलहरियां और सुगंधित पुष्पों से सजी पालकी में विराजमान बलभद्र जी एवं कृष्ण कन्हैया। भक्तिमय और आनंदपूर्ण वातावरण के बीच कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) के श्रद्धालुओं ने आमंत्रण यात्रा निकालकर शहरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

बल्केश्वर तिराहे से आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ हुआ। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में निकली। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मृदंग, मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। यात्रा बल्केश्वर क्षेत्र से होती हुई कमला नगर मेन मार्केट और महाराजा अग्रसेन मार्ग से गुजरी। मार्ग में भक्तों ने संकीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने लोगों से जन्माष्टमी महोत्सव में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया। यात्रा श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

 मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) की ओर से इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 4 सितम्बर को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कलश अभिषेक का आयोजन होगा। इसके बाद रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का मुख्य महाभिषेक भक्तिभाव से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर से महाराजा अग्रसेन सेवा सदन तक पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी। 5 सितम्बर को नन्दोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें दही हांडी प्रतियोगिता, हिंडौला दर्शन और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मंदिर परिसर में फूल बंगला व आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े उत्सव का श्रद्धालु आनंद ले सकेंगे।