श्रीकृष्ण लीला महोत्सव : 13 नवम्बर से तैयारियां शुरू



25 नवम्बर तक चलेगा भव्य आयोजन, इस बार कमला नगर-बल्केश्वर क्षेत्र में निकलेगी कंस की दुहाई

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला में आयोजित होने वाले श्री कृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 13 नवम्बर से 25 नवम्बर तक किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा। लीला का निर्देशन प्रदीप ठाकुर के निर्देशन में होगा।

आयोजन को इस बार और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। अजय पटाखे वाले द्वारा की जाने वाली आतिशबाजी को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। श्रीकृष्ण लीला के विभिन्न प्रसंगों के अनुरूप होने वाली आकर्षक आतिशबाजी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रशासनिक एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार कंस की दुहाई की सवारी शहर के मुख्य क्षेत्रों में न निकालकर कमला नगर एवं बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा। वहीं गोचरण का मार्ग पूर्व की भांति यथावत रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण लीला के स्वरूप को और अधिक प्रभावशाली एवं आकर्षक बनाने के लिए कुछ प्रसंगों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। दर्शकों को इस बार लीला का नया और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।

बैठक के उपरांत शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए खुशबू एवं पूनम को बेस्ट टीचर के रूप में सम्मानित भी किया गया।

बैठक में विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, केके अग्रवाल, केसी अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल एवं जवाहर लाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।