जनकपुरी महोत्सव में हेल्प आगरा की एंबुलेंस सेवा बनी जीवनरक्षक

 



अटैक और पैरालिसिस के लक्षण दिखने पर मरीज को समय पर पहुंचाया एसएन अस्पताल, बिछड़ी बच्ची को भी परिजनों से मिलाया

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। जनकपुरी महोत्सव में हेल्प आगरा की एंबुलेंस सेवा जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है। महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को अचानक अटैक आने और पैरालिसिस के लक्षण दिखाई देने पर रामबाग निवासी लगभग 48 वर्षीय व्यक्ति को तत्काल एसएन अस्पताल पहुंचाया गया। हेल्प आगरा की टीम की तत्परता से मरीज को समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान पर मंडरा रहा खतरा टल गया।

जानकारी के अनुसार, जनकपुरी महोत्सव के दौरान रामबाग निवासी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेल्प आगरा के वॉलंटियर पवन ने गर्भ संस्कार के ललित के सहयोग से बिना समय गंवाए मरीज को संस्था की एंबुलेंस से एसएन अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मरीज की सीटी जांच कर तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, मरीज को अस्पताल पहुंचाने में लगभग 15 मिनट की अतिरिक्त देरी होने पर स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

एंबुलेंस में ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध थी। उस समय नर्स या मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं होने के बावजूद हेल्प आगरा की टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घायल बच्चे की ड्रेसिंग की, जरूरतमंदों को दी सहायता :

जनकपुरी महोत्सव के दौरान हेल्प आगरा की टीम ने अन्य जरूरतमंदों की भी मदद की। एक छोटे बच्चे के पैर में चोट लगने पर उसकी ड्रेसिंग की गई, जबकि दो-तीन अन्य लोगों को आवश्यक बैंडेज उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा लगभग 10 वर्ष की एक बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। हेल्प आगरा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को उसके माता-पिता तक पहुंचाने में मदद की।

आपात स्थिति में सहायता करना ही उद्देश्य : गौतम सेठ

हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक आपात स्थिति में जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जनकपुरी महोत्सव में एक एंबुलेंस के साथ सेवा केंद्र स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।सुत्र - नंदकिशोर गोयल'मीडिया प्रभारी'