दिवाली से पहले झुनझुना बजाकर जनप्रतिनिधियों को जगाया



यमुना की बदहाली पर रिवर एक्टिविस्ट्स का अनोखा विरोध,गूंजा नारा - आगरा को क्या मिला? झुनझुना, झुनझुना!

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 1 नवंबर। दिवाली के स्वागत में जहां पूरा शहर रोशनी और उत्सव की तैयारियों में जुटा है, वहीं यमुना की बदहाली और सरकारी उदासीनता के खिलाफ रिवर एक्टिविस्ट्स ने अनोखे अंदाज में आवाज बुलंद की। रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने यमुना आरती स्थल पर 'झुनझुना दिवस' मनाकर जनप्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों का अहसास कराया। हाथों में झुनझुने लेकर सदस्यों ने प्रतीकात्मक विरोध जताया और नारा लगाया– "आगरा को क्या मिला? झुनझुना, झुनझुना!"

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने कहा कि संगठन वर्षों से यमुना के पुनर्जीवन की मांग उठा रहा है, लेकिन तमाम घोषणाओं और वायदों के बावजूद नदी की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि यमुना में सालभर ताजे पानी का अविरल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए, ताजमहल के डाउनस्ट्रीम में बैराज का निर्माण हो, नदी की तलहटी से गाद और गंदगी हटाकर सफाई कराई जाए तथा यमुना बेसिन की सहायक नदियों का संरक्षण किया जाए। इसके साथ ही साबरमती नदी मॉडल की तर्ज पर यमुना रिवरफ्रंट का विकास किया जाए।

उन्होंने कहा कि यमुना की बदहाली आगरा के नागरिकों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सरकारी विभागों और राजनीतिक नेतृत्व की उदासीनता के कारण नदी का अस्तित्व और उसका प्राकृतिक स्वरूप लगातार प्रभावित हो रहा है।

कार्यक्रम में डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने उम्मीद जताई कि अगले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की भाजपा सरकार यमुना पर बैराज निर्माण का काम शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि पूरे ब्रज मंडल की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए अब घोषणाओं के बजाय ठोस, प्रभावी और समयबद्ध कदम उठाने की जरूरत है।

आयोजकों ने कहा कि झुनझुना दिवस किसी उत्सव का आयोजन नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों को उनके चुनावी वायदों और सार्वजनिक जिम्मेदारियों की याद दिलाने का शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रयास है। उनका स्पष्ट संदेश है कि आगरा को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि यमुना में पर्याप्त पानी और नदी का वास्तविक पुनर्जीवन चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, चतुर्भुज तिवारी, मीरा खंडेलवाल, डॉ. ज्योति खंडेलवाल, विशाल झा, राकेश गुप्ता, जगन प्रसाद तेहरिया, पंडित जुगल किशोर, अभिनव, डॉ. मुकुल पंड्या, पद्मिनी अय्यर, शशिकांत उपाध्याय, रंजन शर्मा, मुकेश चौधरी और दिनेश शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय ने विशेष यमुना आरती कराई। उपस्थित लोगों ने यमुना के पुनर्जीवन और ब्रज की प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।