वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में दम दिखाएगी पंजाब शेरनीज़,आगरा में हुआ टीम का परिचय


जूही शॉ होंगी टीम की आइकन प्लेयर, ईरान की सेतायेश शबानी सहित 12 खिलाड़ियों का दल दिखाएगा दम

11 से 21 नवंबर तक लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे छह टीमों के बीच 18 मुकाबले

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। महिला वॉलीबॉल को नई पहचान और खिलाड़ियों को पेशेवर मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रही वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग के पहले सीजन में पंजाब शेरनीज़ की टीम भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। रविवार को होटल भावना क्लार्क्स इन, कैलाशपुरी, सिकंदरा में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम प्रबंधन ने फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और लीग की तैयारियों की जानकारी साझा की। इस दौरान टीम की आधिकारिक टी-शर्ट और लोगो का अनावरण भी किया गया।

फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी इन्द्रेश प्रताप सिंह ने बताया कि आईपीएल और वुमेंस कबड्डी लीग की तर्ज पर पॉवर स्पाइक इंटरनेशनल की ओर से आयोजित इस लीग में देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैचों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम पांच बजे से होगा।

महिला खिलाड़ियों को मिलेगा पेशेवर मंच :

फ्रेंचाइजी के को-ओनर आशु भदौरिया ने कहा कि उनका उद्देश्य आगरा के खेलप्रेमियों को वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग से जोड़ना और महिला वॉलीबॉल के प्रति रुचि एवं सहभागिता बढ़ाना है। फ्रेंचाइजी की को-ओनर एवं सीईओ प्रमुग्धा सोलंकी ने कहा कि लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक बेटियां वॉलीबॉल से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाएं।

टीम के मानद सलाहकार सुशील यादव ने कहा कि पंजाब शेरनीज़ युवा प्रतिभाओं, टीम भावना और बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के समन्वय से टीम लीग में अपनी मजबूत पहचान बनाने का प्रयास करेगी। को-ओनर मधुर लाहोटी ने कहा कि महिला वॉलीबॉल को व्यापक पहचान दिलाने में दर्शकों और खेलप्रेमियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से लीग के मुकाबले देखने और महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

12 खिलाड़ियों की टीम में भारतीय और विदेशी प्रतिभाओं का संगम :

पंजाब शेरनीज़ के खिलाड़ी दल में कविता, भूमिका ए.आर., मारिया सेबास्टियन, गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, अल्ना राज, आकांक्षा बनाफर, वेदिका शिंदे, ईशा, पायल बिस्वास, सेतायेश शबानी और अनन्या श्री पुजारी शामिल हैं। जूही शॉ टीम की आइकन प्लेयर होंगी।

खिलाड़ियों की भूमिका की जानकारी देते हुए बताया गया कि कविता और आकांक्षा बनाफर यूनिवर्सल खिलाड़ी हैं। भूमिका ए.आर., वेदिका शिंदे और ईरान की सेतायेश शबानी मिडिल ब्लॉकर की भूमिका निभाएंगी। मारिया सेबास्टियन सेटर, जबकि अल्ना राज और पायल बिस्वास लिबेरो के रूप में खेलेंगी। गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, ईशा और अनन्या श्री पुजारी काउंटर अटैकर के रूप में टीम का हिस्सा हैं।

टीम के मुख्य प्रशिक्षक नरेश कुमार, सहायक प्रशिक्षक प्रियंका बोरा और ट्रेनर सुमित छोकर हैं। आइकन प्लेयर जूही शॉ ने ऑनलाइन माध्यम से पूरी टीम का परिचय कराया।

खेल जगत में आगरा के नाम जुड़ेगी नई उपलब्धि :

वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में पंजाब शेरनीज़ की भागीदारी के साथ आगरा का जुड़ाव भी खास है। टीम के फ्रेंचाइजी को-ओनर्स आगरा से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शहर की भागीदारी ताजनगरी के लिए गौरव का विषय है। यह पहल महिला खेलों को प्रोत्साहन देने के साथ आगरा की खेल जगत में बढ़ती भागीदारी को भी रेखांकित करती है।

इस अवसर पर साइंटिफिक पैथोलॉजी के एमडी डॉ. अशोक शर्मा, कवि पवन आगरी तथा फ्रेंचाइजी को-ओनर्स इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी और मधुर लाहोटी ने संयुक्त रूप से टीम की आधिकारिक टी-शर्ट एवं लोगो का अनावरण किया।

कार्यक्रम में सीए शरद पालीवाल, शनि भदौरिया, सचिन सिकरवार, राज चौधरी, यतेश कुमार सिंह, राजीव शर्मा, दिनेश चौधरी, विपिन रावत, अचिन्त्य शर्मा, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।