पांच सवारियों के साथ निकली कंस की दुहाई, कैद में पिता उग्रसेन और भयावह पूतना के स्वरूप ने बच्चों में पैदा किया रोमांच; दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रविवार को गौशाला परिसर में होगा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, जन्म से पूर्व की लीलाओं का होगा भव्य मंचन
हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कु.चौधरी
आगरा। “सावधान! कंस की सेना आ रही है...” तलवारें लहराते सैनिकों की हुंकार, कंस का भयावह व्यक्तित्व, खूंखार आंखें और अत्याचारों का उद्घोष। शनिवार को आगरा की सड़कों पर कुछ ऐसा ही रोमांचकारी और भव्य दृश्य देखने को मिला, जब श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की ओर से आयोजित ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के द्वितीय दिवस कंस की दुहाई की भव्य सवारी निकाली गई। पांच सवारियों के साथ निकले इस विशाल जुलूस ने द्वापर युग में मथुरा पर कंस के अत्याचारों और भय के वातावरण को सजीव कर दिया। कंस के सैनिकों की डरावनी वेशभूषा और तलवारों की चमक ने बच्चों में कौतूहल और रोमांच पैदा किया, वहीं श्रद्धालुओं को पौराणिक काल की जीवंत अनुभूति कराई।
सवारी से पूर्व वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद पांच सवारियों के साथ कंस की दुहाई का भव्य जुलूस निकाला गया। सवारी में कंस का विकराल स्वरूप, तलवारें लहराते सैनिक, कारागार में बंद पिता उग्रसेन तथा भयानक रूप में प्रस्तुत बहन पूतना विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सैनिकों की हुंकार, उनके आक्रामक अंदाज और प्रजा को भयभीत करने के अभिनय ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो मथुरा नगरी में एक बार फिर कंस का अत्याचार और आतंक लौट आया हो।
सैनिकों की तलवारें देख सहमे बच्चे,श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह :
सवारी के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कंस की सेना और उसके सैनिकों की भव्य वेशभूषा बच्चों के लिए कौतूहल का विषय बनी रही। कोई भयभीत होकर अपने परिजनों के पीछे छिपता नजर आया तो कोई उत्साह के साथ तलवारें लहराते सैनिकों को निहारता रहा। धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करती इस सवारी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से पूर्व मथुरा में व्याप्त कंस के अत्याचारों का प्रभावशाली दृश्यात्मक चित्रण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, रोमांच और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शताब्दी से अधिक पुरानी परंपरा को जीवंत रख रहा श्रीकृष्ण लीला महोत्सव :
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की शताब्दी से अधिक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। इसका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को केवल मंच पर प्रस्तुत करना ही नहीं, बल्कि भव्य सवारियों और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से जनमानस को द्वापर युग की घटनाओं से जोड़ना भी है। कंस की दुहाई की सवारी भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण से पूर्व मथुरा में व्याप्त अत्याचार, अन्याय और भय के वातावरण को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि रविवार को वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का भव्य आयोजन होगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से पूर्व की घटनाओं और मथुरा में कंस के अत्याचारों से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
धर्म, सत्य और भक्ति का संदेश देंगी विशेष लीलाएं :
समिति महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित लीलाओं का मंचन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान की दिव्य लीलाओं के दर्शन करने की अपील की।
लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक श्रीकृष्ण लीलाओं के साथ भीष्म प्रतिज्ञा, प्रह्लाद चरित्र और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र जैसी विशेष लीलाओं का भी मंचन किया जाएगा। इन धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से त्याग, सत्य, धर्म, भक्ति और आदर्श जीवन के मूल्यों का संदेश जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।
ये रहे उपस्थित :
इस अवसर पर महंत गोपी गुरु, नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, सुनील विकल, राजू यादव, अजय गर्ग, अरविंद शर्मा, सूरज तिवारी, शलभ शर्मा, रविंद्र अग्रवाल, पुष्कल गुप्ता, अशोक गोयल, विष्णु अग्रवाल, राधे राधे, अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा, मनोज गुप्ता, संजय अग्रवाल, आशु रोहतगी, लक्ष्मण शर्मा, विनीत सिंघल, पंकज मोहन, ब्रजेश अग्रवाल, मनीष शर्मा, पंकज शास्त्री, अरविंद कुमार आदि उपस्थित रहे।

