प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर हुआ गोदभराई कार्यक्रम।

 


हिन्दुस्तान वार्ता। मथुरा

गोवर्धन: जिलाधिकारी मथुरा नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी नितिन गौड़, जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव मिश्रा के निर्देशन में पोषण अभियान के अंतर्गत आज जनपद में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन कराया गया।

 गोवर्धन में प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर एएसपी राजीव सिंह, डीपीओ अभिनव मिश्रा, डीपीआरओ किरण चौधरी ने चार गर्भवती माताओं की गोदभराई की। डीपीओ अभिनव मिश्रा ने गर्भवती स्त्रियों के स्वास्थ्य और पोषण संवर्धन को लेकर लाभार्थियों को बताया कि गुड़ चना, नींबू, आयरन और केल्शियम के टेबलेट, आयोडीन नमक, स्थानीय साग सब्जी इत्यादि का खाने में भरपूर ख्याल रखें। गर्भवती को पंजीकरण के समय मिले एमसीपी कार्ड रखना चाहिए एवं उन्हें अपने स्वास्थ्य का पर्याप्त ध्यान रखना चाहिए। डीपीआरओ किरण चौधरी ने पोषण वाटिका स्थापना में प्रधानों के माध्यम से सहयोग दिलाने की बात करते हुए पोषण अभियान को महिला सशक्तिकरण से जोड़ कर देखने की बात की। उन्होंने बताया कि अंतर्विभागीय समन्वय के अंतर्गत पंचायती राज से हर संभव सहयोग दिलाने की बात की। एएसपी आगरा राजीव सिंह ने गर्भावस्था को सबसे महत्वपूर्ण चरण बताते हुए इसके आर्थिक आयाम से इसे जोड़ कर बताया कि गर्भावस्था के समय बढ़िया पोषण इस तरह की पूंजी है जिसमे निवेश करना पीढ़ियों तक फल देता है।

इस अभियान के अंर्तगत मथुरा ग्रामीण में भी डीपीओ अभिनव मिश्रा, डीपीआरओ किरण चौधरी, सीडीपीओ अशोक सिंह ने गणेशरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर गोदभराई किया। 

फरह परियोजना में नवनियुक्त सीडीपीओ छवि शर्मा एवं मुख्य सेविका ब्रज रानी ने भी पांच महिलाओं की गोदभराई की। सीडीपीओ छवि ने पोषण को लेकर समुदाय, परिवार, विद्यालय, कॉलेज की भूमिका पर चर्चा करते हुए इस अभियान को सफल बनाने की बात की।

कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ योगेंद्र सिंह, पूर्णिमा पांडेय, रमाबाई पाल, राजकुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।                रिपोर्ट:-ठाकुर धर्म सिह ब्रजवासी