निर्धन बेटी के विवाह संग,मानसिक दिव्यांगों की सुविधाओं की रखी नींव


                       


- साईं की सच्ची सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत कृष्ण राधा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कराया गया निर्धन कन्या का विवाह

- निर्धन,असहाय और वृद्धजन की सेवा हेतु रुनकता स्थित साईं मंदिर में हॉल निर्माण की रखी नींव,40 मानसिक दिव्यांगों की होती है सेवा 

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ईश्वर भक्ति का सही मायने में सच्चा अर्थ सार्थक करते हुए साईं की सच्ची सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट के अन्तर्गत कृष्ण राधा की सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेवा कार्य किया गया।

सोमवार को रुनकता स्थित साईं मंदिर में निर्धन कन्या विवाह एवं निर्धन,असहाय और वृद्धजन सेवा हेतु विशाल हॉल का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। भूमि पूजन विधिवत रूप से मुख्य अतिथि पूरन डावर,मुख्य संरक्षक जितेंद्र चौहान एवं बबिता चौहान, अध्यक्ष कांता प्रसाद अग्रवाल,संस्थापक सदस्य पवन कुमार विधि चंद अग्रवाल,भूमि दानदाता डॉ.डीवी शर्मा और राजेश गुप्ता, कमलेश महाराज,राहुल कुमार वर्मा द्वारा किया गया।

मंदिर में संचालित आश्रम के संचालक देवानंद बाबा ने बताया कि मंदिर में आश्रम की स्थापना 2011 में हुई थी। आश्रम के द्वार सदैव से ही मानसिक दिव्यांगजनों के लिए खुले रहे हैं। वर्तमान में 40 मानसिक दिव्यांगजन यहां आश्रय प्राप्त कर रहे हैं। उनकी सेवा हेतु 10 लोगों का स्टाफ यहां 24 घंटे कार्यरत है। आश्रय प्राप्त सभी मानसिक दिव्यांगों के भोजन, निवास, इलाज आदि की व्यवस्था आश्रम में रहती है। बेसहारा मानसिक दिव्यांगजनों को आश्रम तक लाने के लिए वाहन भी उपलब्ध रहता है। आश्रम में पहले से दो हॉल हैं किंतु बढ़ती संख्या को देखते हुए समाजसेवियों के सहयोग से 30 बाय 100 स्कॉयर फीट का हॉल निर्माण कराया जा रहा है। 

मुख्य संरक्षक जितेंद्र चौहान ने कहा कि आश्रम में रहने वाले लोगों को देखकर लगता है कि उनकी सेवा में यथासंभव हर प्रयास कर सकें। सेवा का अर्थ सही मायने में तभी पूर्ण होता है जब वो सही पात्र तक पहुंचे।

संस्थापक सदस्य पवन कुमार विधि चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आश्रम में उन सभी लोगों को पनाह दी जाती है जिनकी मानसिक दिव्यांगता के चलते परिजन देखभाल नहीं कर सकते। संस्था का उद्देश्य है कि ईश्वर द्वारा दिए गए जीवन को सार्थक करना और जीवन तभी सार्थक हो सकता है जब इसे समाज सेवा के प्रति समर्पित कर दिया जाए। 

समारोह में एक निर्धन कन्या के विवाह का आयोजन भी किया गया। कन्या को गृहस्थी का पूर्ण सामान देकर आशीर्वाद सहित उपस्थित सभी समाजसेवियों ने विदा किया। आश्रम संचालक देवानंद बाबा ने बताया कि आगामी दिनों में मंदिर परिसर में श्री राधा रानी के मंदिर का निर्माण भी किया जा रहा है।