हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा : प्रभागीय निदेशक,सामाजिक वानिकी प्रभाग आगरा राजेश कुमार ने बताया कि दिनांक 22.08.2025 को फतेहाबाद रेंज के अन्तर्गत धनौलाकलां गौशाला केन्द्र पर कमरे में एक वन्य जीव तेंदुआ का शावक (नर) जिसकी उम्र लगभग डेढ माह के आसपास बरामद किया गया।
शावक के स्वास्थ्य परीक्षण कराने के उपरान्त संयुक्त टीम का गठन किया गया जिसमें सामाजिक वानिकी प्रभाग आगरा,राष्ट्रीय चम्बल सेंक्चुरी प्रोजेक्ट आगरा एवं वाइल्ड लाईफ एस०ओ०एस० के पशुचिकित्सक भी शामिल रहे। डा०आर०पी० सिंह पशु चिकित्सा विशेषज्ञ से परामर्श लेकर निर्धारित एस०ओ०पी० के अनुसार तेंदुए के शावक को उसकी माँ से मिलाने हेतु रेस्क्यू किये गये। स्थल पर दिनांक 22/23.08.2025 की रात्रि को ले जाया गया किन्तु मॉ नहीं आई।
उक्त प्रकिया पुनः 23/24.08.2025 की रात्रि को अपनाई गई।दिनांक 23.08.2025 की रात्रि को लगभग 9.15 बजे शावक का मूवमेन्ट बॉसकेट में होने लगा एवं कॉलिंग की आवाजे सुनाई दी। टीम द्वारा थर्मल बाइनाकूलर (आइ०आर०) से लगातार निगरानी की जा रही थी। रात्रि लगभग 9.35 बजे शावक टोकरी से बाहर निकला एवं मॉ के साथ सुरक्षित झाडियों की तरफ चला गया। टीम ने पूरी रात्रि स्थल की सघन निगरानी की एवं सवेरा होने पर सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन शावक व उसकी माँ उक्त स्थल के आसपास नहीं देखे गये।
रिपोर्ट - असलम सलीमी


