डीएम साहब !
देख लो जनकपुरी का नक्शा.. यहां पधारेंगे श्रीराम.
चाक चौबंद कर दो सुरक्षा,पूर्ण करवा दो विकास के कार्य.
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। 16 अगस्त,श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति,कमला नगर द्वारा जिलाधिकारी आवास पर पहुँचकर जनकपुरी क्षेत्र में जनकपुरी महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और समूची मिथिला नगरी में तेजी से विकास कार्य कराए जाने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई गई।
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति,कमला नगर के मार्गदर्शक दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री,लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल (एकता बिल्डर्स), राजा जनक राजेश अग्रवाल (रसोई रत्न) और संरक्षक राकेश मंगल (मारुति बिल्डर्स) ने जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी को पत्र सौंपा और राम दरबार की आकर्षक तस्वीर भी भेंट की।
जनकपुरी महोत्सव हेतु आयोजित समीक्षा बैठक में मार्गदर्शक राकेश गर्ग ने जिलाधिकारी को जनकपुरी क्षेत्र का नक्शा दिखाकर बताया कि 17 सितंबर की रात को भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकलेगी,जो विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए 18 सितंबर की सुबह मिथिला नगरी में प्रवेश करेगी। वहाँ 18, 19, 20 और 21 सितंबर को आयोजित विशाल व भव्य जनकपुरी महोत्सव में भगवान श्रीराम,माता जानकी और अन्य स्वरूपों के दर्शनों के साथ-साथ मिथिला महल को अपलक निहारने के लिए लाखों भक्तों और श्रद्धालुओं का जनकपुरी में आवागमन अनवरत बना रहेगा। ऐसे में सामाजिक दृष्टि से उनकी जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल और संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल ने समूची मिथिला नगरी में तेजी से सभी विकास कार्य शुरू करवाने,समय से पूर्ण करवाने और विकास कार्यों के लिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया, ताकि मिथिलानगरी वासियों के साथ-साथ मिथिला नगरी आने वाले लाखों लोगों को भी किसी तरह की कोई असुविधा न हो।
अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि डीएम साहब ने हमें आश्वासन दिया है कि दो-तीन दिन में ही काम शुरू कर दिया जाएगा। जहां-जहां से सीता माता का डोला निकलेगा और जहां जहाँ प्रभु श्रीराम जनकपुरी में भ्रमण करेंगे, उन सभी मार्गों सहित पूरे जनकपुरी क्षेत्र में लगभग 12 से 15 करोड़ के विकास कार्य कराए जाएंगे।
इस दौरान नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल,अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के महामंत्री उमेश कंसल,पार्षद प्रदीप अग्रवाल,संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल,सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक,अनिल अग्रवाल एडवोकेट और वंश अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

~2.jpg)