श्री प्रेम निधि जी मंदिर में ठाकुर श्याम बिहारी जी का भव्य श्रृंगार और फूल बंगले की छटा दर्शनीय

पुष्टिमार्गीय परंपरा में भक्तिभाव और उल्लास से मनाया गया नंदोत्सव

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आंगन नन्द के दधिकादो, छिरकत गोपी ग्वाल परस्पर प्रगटे जग में जादो…इन पुष्टिमार्गीय पदों की मधुर गूंज के साथ नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि जी मंदिर में आयोजित नंदोत्सव में ठाकुर श्याम बिहारी जी का भव्य श्रृंगार और फूल बंगले की छटा दर्शनीय रही। भक्तों ने दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। भक्ति रस से सराबोर वातावरण में पुष्टिमार्गीय पदों और मधुर भजनों की गूंज देर रात तक होती रही।

मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी एवं सुनीत गोस्वामी ने बताया कि नंदोत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी का उत्सव है। यह केवल उत्सव नहीं बल्कि भगवदीय आनंद और भक्ति का पर्व है। इस दिन हम ठाकुरजी के बालरूप का श्रृंगार कर वात्सल्य भाव से उनकी सेवा करते हैं। नंद-यशोदा के उस प्रेम को स्मरण करते हैं जिसने सम्पूर्ण ब्रजभूमि को आनंदमय बना दिया था। भक्तों के लिए यह दिन प्रेम, आनंद और भक्ति का अद्भुत संगम होता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस अवसर पर ठाकुरजी का विशेष मोरपंखी श्रृंगार किया गया,जो अद्भुत एवं अलौकिक प्रतीत हुआ।

भजन-कीर्तन, झांकी और प्रसादी वितरण के साथ नंदोत्सव ने भक्तों को गोकुल की लीलाओं का सजीव अनुभव कराया और मंदिर का वातावरण देर रात तक कृष्णमय बना रहा। भक्तों ने अपने आराध्य को पालने में झूला झुलाकर असीम आनंद की प्राप्ति की।