माँ प्रकृति की सर्वोत्तम रचना : आर्चबिशप डॉ.राफी मंजलि



102 वर्ष पुराने सेंट मेरीज़ चर्च का वार्षिकोत्सव सम्पन्न

दुल्हन की तरह सजाया गया सेंट मेरीज़ चर्च

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 07 सितम्बर"माँ प्रकृति की सर्वोत्तम रचना होती है। ईश्वर का वह अद्वितीय उपहार है,जिसमें उसकी ही छवि प्रतिबिंबित होती है। प्रभु यीशु की जननी माता मरियम हमारी भी माता हैं। वे हमें निरंतर संभालती हैं,सहारा देती हैं और हर अधर्म से बचाती हैं।इन पावन शब्दों के साथ आर्चबिशप डॉ.राफी मंजलि ने प्रतापपुरा स्थित ऐतिहासिक सेंट मेरीज़ चर्च में आयोजित वार्षिकोत्सव पर बड़ी संख्या में विश्वासियों को संबोधित किया।

102 वर्ष पुराने सेंट मेरीज़ चर्च का यह वार्षिकोत्सव पारंपरिक हर्षोल्लास,भक्ति और धार्मिक वातावरण में अत्यंत गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

समारोह में आगरा महाधर्म प्रांत के विभिन्न गिरजाघरों,मिशन संस्थानों, धार्मिक संघों एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

सेंट मेरीज़ चर्च के प्रधान पुरोहित फादर जोसफ डाबरे ने जानकारी दी कि इस वार्षिकोत्सव की तैयारी 9 दिनों की विशेष नोवेना प्रार्थना से प्रारंभ हुई थी। अंतिम तीन दिनों में विशेष प्रवचन, बीमार एवं अशक्तों के लिए चंगाई प्रार्थना और वृद्धजनों के लिए विशेष आशीष समारोह आयोजित किए गए,जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे विश्वास और भक्ति भाव से भाग लिया।

समारोह के लिए गिरजाघर को अत्यंत आकर्षक रूप से सजाया गया। युवा संघ की अध्यक्षा सुश्री देविना लांबा के नेतृत्व में चर्च को दुल्हन की तरह भव्य रूप में सजाया गया। मुख्य प्रार्थना और पूजा समारोह में आर्चबिशप डॉ.राफी मंजलि, फादर जोसफ डाबरे,फादर संतोष दिसा सहित बड़ी संख्या में पुरोहितगण सम्मिलित हुए। इस अवसर पर भव्य गायन मंडली का निर्देशन सिस्टर जूलियट ने किया,जिनकी मधुर आवाज़ों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मुख्य प्रार्थना के उपरांत माता मरियम की चमत्कारी प्रतिमा के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में जलती हुई मोमबत्तियाँ लेकर माता के सम्मान में भजन-गीत गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा – माता मरियम की अलौकिक झांकी। झांकी के चारों ओर नन्हें बच्चे स्वर्गदूतों के समान श्वेत वस्त्र धारण किए बैठे थे, जबकि कुछ बच्चियां प्रतिमा के आगे-आगे पुष्पवृष्टि करती चल रही थीं। शोभायात्रा का संचालन फादर स्टीफन, फादर अजय, सुशील टोप्पो, लौरेन्स मसीह, एल्विन सिल्वेरा और एंड्रयू गुथरी ने किया।

इस अवसर पर पल्ली परिषद, महिला मंडल, युवा संघ,सेंट लॉरेन्स सेमिनरी के छात्र एवं चैरिटी सिस्टर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वेदी की सजावट में दिव्या प्रभा, बालूगंज स्थित सिस्टर्स और बालिकाओं का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।

कार्यक्रम के अंत में क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि "सेंट मेरीज़ चर्च का यह वार्षिकोत्सव प्रतिवर्ष आस्था, शांति, कृपा और समृद्धि का ऐसा उत्सव बन गया है, जो न केवल आगरा बल्कि पूरे महाधर्मप्रांत के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

रिपोर्ट - असलम सलीमी