नरक चतुर्दशी पर खाटू श्याम मंदिर में झलका भक्तिभाव,बैंगनी-नीले-श्वेत पुष्पों से हुआ स्वर्णिम श्रृंगार

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। नरक चतुर्दशी की पावन संध्या पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर दीपों की ज्योति और पुष्पों की सुगंध से महक उठा। बैंगनी, नीले और श्वेत पुष्पों से सजे स्वर्णिम श्रृंगार में श्याम बाबा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं ने दीपमालिका सजाकर भक्तिभाव से दीपोत्सव मनाया।

दीपावली पर्व के दूसरे दिन रविवार को नरक चतुर्दशी पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति और सौंदर्य का अनुपम संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर दीपों की ज्योति से आलोकित हो उठा और “श्याम बाबा” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि नरक चतुर्दशी के अवसर पर श्याम बाबा का स्वर्णिम श्रृंगार किया गया, जिसमें बाबा ने बैंगनी, नीले और श्वेत पुष्पों से अलंकृत पोशाक धारण की। स्वर्ण मुकुट और कुंडल से सजे बाबा के दर्शन से मंदिर परिसर में भक्तिभाव का वातावरण व्याप्त हो गया।

उन्होंने बताया कि श्रृंगार और पोशाक सेवा अभिषेक गोयल, दीपोत्सव सेवा अमित गोयल, इत्र सेवा हरिश्चंद्र अग्रवाल, तथा लाइटिंग सेवा श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से समर्पित की गई।

संध्या आरती के उपरांत मंदिर प्रांगण में दीपदान का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने दीपमालिका सजाकर परिवार और समाज की मंगलकामना की। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में “श्याम तेरी बंसी पुकारे” और “ले चलो श्याम धाम” जैसे भजनों की मधुर ध्वनियों ने वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।

दीपों की रौशनी और पुष्पों की सुगंध से नहाए मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के चरणों में दीप अर्पित कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।