हिन्दुस्तान कॉलेज में लिटरेसी सोसाइटी द्वारा युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : शारदा ग्रुप के प्रतिष्ठित संस्थान हिन्दुस्तान कॉलेज आफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी में लिटरेसी सोसाइटी द्वारा युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शारदा ग्रुप के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रा.वी.के.शर्मा एवं निदेशक डॉ.आर.एस.पवित्र एवं आईक्यूएसी के निदेशक डॉ. हरेन्द्र सिंह, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ.सुरूचि द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर कॉलेज निदेशक डॉ. आर.एस.पवित्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हिन्दुस्तान कॉलेज सदैव ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता है जो छात्रों में नेतृत्व क्षमता और तार्किक सोच विकसित करे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दयालबाग शैक्षिक संस्थान,आगरा विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर लाजवंत सिंह रहे,उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र की रीढ़ हैं और उन्हें सही दिशा में प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।

बहस के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा नीति, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल इंडिया, ग्रामीण विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं जैसे विषयों पर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। विपक्ष ने सरकार से तीखे व महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे,जबकि शासन दल ने तथ्यों के साथ अपने पक्ष को मजबूती से रखा। बहस के दौरान छात्रों ने वास्तविक संसद की तर्ज पर आंकड़ों, नीतियों और शोध आधारित तथ्यों का उपयोग किया, जिससे पूरी प्रक्रिया अत्यंत प्रभावशाली और शिक्षाप्रद बन गई।आयोजन में जज की भूमिका श्री अनुराग वाजपेयी एवं श्री साकेत बिहारी ने निभायी।

कार्यक्रम में आगरा-मथुरा के विभिन्न कॉलेजों की भागेदारी हुई। इस प्रतियोगिता में शासन दल से प्रथम पुरुस्कार जी.एल.ए  विश्वविद्यालय मथुरा की छात्रा ममता कुमारी को मिला। द्वितीय पुरुस्कार हिन्दुस्तान कॉलेज के छात्र हंसिका चौरसिया एवं तृतीय पुरुस्कार कॉलेज के ही छात्र कुलदीप आलोक तिवारी रहे। 

विपक्ष दल से प्रथम पुरस्कार एचआईएमसीएस,मथुरा की छात्रा माधव सहगल को मिला। द्वितीय पुरस्कार हिन्दुस्तान कॉलेज के छात्र वैभव गौतम एवं तृतीय पुरस्कार कॉलेज के ही छात्र आर्यन प्रताप सिंह रहे।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ.अर्चना गौतम ने बताया कि लिटरेसी सोसाइटी द्वारा निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जो छात्रों में साहित्यिक,भाषण, वाद-विवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करते हैं। डॉ. गौतम ने बताया कि संस्था आगे भी इस मंच को बड़े स्तर पर विस्तारित करने की योजना बना रही है।

कार्यक्रम का प्रारम्भ लिटरेसी सोसाइटी के अध्यक्ष शिव सबलोक सहित द्वारा दर्शकों के अभिवादन से हुआ। उन्होंने इस युवा संसद प्रतियोगिता के न्यायाधीश के सम्मानित पैनल का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि युवा संसद में दो दल शासन दल और विपक्ष दल का गठन किया गया, जिन्हें पूर्व निर्धारित विषयों पर सरकार के पक्ष या विपक्ष में तर्क प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। 

कार्यक्रम का सफल संचालन छात्र विनर्म वर्मा और छात्रा अनुष्का सिंह ने किया। संसद के स्पीकर का दायित्व पीयुष दीक्षित ने संभाला, जिन्होंने संसदीय शिष्टाचार, अनुशासन और बहस की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण कार्यवाही का संचालन किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. युधिष्ठर सिंह,डॉ.अर्चना गौतम और डॉ. केशव देव का महत्वूपर्ण योगदान रहा।

छात्रों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें संसद की कार्यप्रणाली को समझने और अपने विचारों को सशक्त रूप में व्यक्त करने का अवसर मिला। कई प्रतिभागियों ने इसे अपने कॉलेज जीवन का यादगार अनुभव बताया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त डीन्स, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक और छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।