मथुरा : यमुना एक्सप्रेस वे पर घने कोहरे में 8 बसों व 3 छोटे वाहनों के टकराने से लगी भीषण आग में 13 की मौत,150 घायल

 


 मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक, मृतकों को दो-दो लाख व घायलों को 50- 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि की घोषणा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

मथुरा। मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे के थाना बलदेव क्षेत्र के माइलस्टोन 127 गांव खड़ेहरा पर आगरा से नोएडा जा रही लाइन पर भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां विजुअलिटी कम होने के कारण कोहरे में वाहनें आपस में टकरा गए। इससे वाहनों में आग लग गई। बताया जाता है सात बसें और तीन कारों में भीषण आग लगी है। वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा इतना भयानक था की 13 लोगों की जलकर मौत हो गई जबकि लगभग 150 घायलों को उपचार के लिए लगभग 20 एम्बुलेंसों के जरिए विभिन्न चिकित्सालयों में पहुंचाया गया। चार घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया गया।

एक्सप्रेस-वे पर घटना की सूचना पर इलाका पुलिस व पुलिस प्रशासन प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। एक्सप्रेस वे पर सुबह-सुबह हुई दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएम सीपी सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जाता है अग्निकांड इतना भीषण था की चारों ओर आग ही आग दिखाई दे रही थी। आंख की लफ्ट काफी ऊंची ऊंची उठ रही थी जो किलोनमीटर तक देखी गईं । लोग बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। डीएम एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। घटना से मार्ग अवरुध हो गया। वाहनों की लाईन लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को क्रेन से हटवा कर साईड से किया गया। आग इतनी भीषण थी लगभग एक दर्जन दमकलों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कानपुर के लोग ज्यादा घायल हुए हैं। एक ही परिवार के कई लोग हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। 

एसएसपी श्लोक कुमार ने भीषण हादसे में 13 लोगों की जलकर मृत्यु होने की पुष्टि की है। एसएसपी ने बताया लोगों को सरकारी वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है। रूट डायवर्जन कर वाहनों को निकाला गया। दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। लोगों को रेस्क्यू कर लाया गया है। घटना स्थल से मिले मलवे व अन्य सामान को मोर्चरी में रखवाया गया है। 4 शवों का डीएनए कराया जा रहा है जिससे उनके परिजन आए तो मिलान हो सके। शवों की शिनाख्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से फिर दर्ज कराई गई है जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे कडी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दो की हुई पहचान :

पुलिस ने दो मृतकों की पहचान रामपाल पुत्र पहोड़ीराम निवासी आजमगढ़ व अजिलेंद्र याद पुत्र बंशीधर निवासी मुद्दीनपुर थाना सराय ममरेज जिला प्रयागराज के रुप में हुई है। 

योगी ने जताया शोक :

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेस वे पर हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का तत्काल समुचित एवं निशुल्क उपचार सुनिश्चित करते हुए उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख व घायलों को पचास पचास हजार रुपए की आर्थिक राहत सहायता राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने अधिकारियों से फोन पर जानकारी ली है। 

यह हुए घायल :

हादसे में खुशबू पुत्री लज्जाराम व आमिर पुत्र इरसाद निवासी कानपुर,डॉ पीआर त्रिपाठी अपराजिता त्रिपाठी पुत्र डा0 पीआर त्रिपाठी निवासी नोएडा,अमित निवासी औरैया,साहिद व सफीक पुत्र नियामद उल्ला निवासी कानपुर, शेरू निवासी कानपुर,आदित्य पुत्र अनिल निवासी फतेहपुर ,वीरेन्द्र गिरि पुत्र रामलखन व ऊषा पत्नी वीरेन्द्रगिरि निवासी बाराबंकी, शशी सिंह पुत्र कुलदीप भास्कर व कुलदीप भास्कर पुत्र रतनसिंह निवासी कानपुर, रघुवर पुत्र सामरू व हेमा देवी पत्नी राधेश्याम निवासी अंबेडकर नगर,आलोक तिवारी पुत्र विधासागर निवासी कानपुर, नरगेश पत्नी सुल्तान व राज पुत्र नियास निवासी मनकापुर गोंडा, प्रमोद पुत्र गोकुल प्रजापति निवासी महुआ,अभिषेक पुत्र कैलाश निवासी कानपुर, मुसर्रफ पुत्र नसीरूद्दीन निवासी कानपुर,हेमन्त पुत्र देवराज निवासी लखनऊ, शिखा पत्नी पीआर त्रिपाठी व गोरिका पुत्र पीआर त्रिपाठी निवासीगण कानपुर, विश्वनाथ पुत्र अंगनू निवासी अम्बेडकरनगर, अरविन्द तिवारी पुत्र आनन्द तिवारी निवासी गोरखपुर व अशोक पुत्र समसदीन निवासी बहराइच घायल हुए है।

ओवरटेकिंग करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : डीएम,एडीएम सहित चार सदस्यीय जांच टीम गठित  

डीएम सीपी सिंह ने बताया कोहरे की दृष्टिगत लो विजिबिलिटी होने के कारण गाड़ियों का एक्सीडेंट हुआ है। घायलों को बेहतर उपचार दिया जा रहा है। पुलिस विभाग अग्निशमन विभाग स्वास्थ्य विभाग व एन एच ए आई आदि टीमों द्वारा दुर्घटना स्थल पर तत्काल पहुंचकर बचाव कार्य किया गया। सरकारी वाहनों से बाकी लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया गया है। डीएम ने आगे बताया कि कोहरा अधिक होने के कारण मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि वाहनों की स्पीड कम कराई जाए कानबाई बनाकर चलाई जाए और ओवरटेकिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जिससे इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति ना हो। घटना दुर्भाग्यपूर्ण है घटना की जांच कराई जाएगी। प्रत्येक एंगल से घटना की बारीकि की जांच होगी।एडीएम प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक देहात सुरेश चंद,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खंड एक व सहायक संभागीय अधिकारी प्रवर्तन 48 घंटे में जांच कर घटना की रिपोर्ट सौंपेंगे। जिससे ऐसी घटनाओं पर रोक लगा सके। 

कमिश्नर - डीआईजी पहुंचे मथुरा :

घटना की सूचना मिलते हैं कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह व डीआईजी शैलेश पांडे भी मथुरा पोस्ट मार्टम ग्रह पहुंच गए। जिला चिकित्सालय में घायलों का हाल-चाल जाना। संबंधित अधिकारियों को उपचार में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

डीएम-एसएसपी ने जाना घायलों का हाल-चाल :

यमुना एक्सप्रेसवे के बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुई घटना के बाद सीएम के निर्देश पर दुर्घटना में घायल हुए लोगों का हाल-चाल जानने के लिए डीएम सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, सीएमओ जिला चिकित्सालय पहुंचे। डीएम एसएसपी ने घायलों से बात की। डीएम एसएसपी ने सीएमएस को घायलों को उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट : उत्तम प्रकाश शर्मा