समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है पत्रकार : जिलाधिकारी


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताज प्रेस क्लब में मकर संक्रांति पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत स्व.अखिलेश श्रोत्रिय और कार्यकारिणी सदस्य मनीष जैन की माता जी के कुछ समय पूर्व हुए आकस्मिक निधन पर शोक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर हुई। तत्पश्चात कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे,अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी एवं जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित रहे। ताज प्रेस क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अतिथियों द्वारा ताज प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति, विज्ञान और प्रकृति के समन्वय का प्रतीक पर्व है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण प्रारंभ होता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा, नवचेतना और समृद्धि का संचार होता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नामों—उत्तर प्रदेश व बिहार में खिचड़ी, पंजाब में लोहड़ी, तमिलनाडु में पोंगल, असम में बिहू, गुजरात में उत्तरायण और कर्नाटक में सुग्गी हब्बा—से मनाया जाता है, जो भारत की सांस्कृतिक एकता को दशार्ता है। जिलाधिकारी ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यवस्था की कमियों को उजागर कर सुधार की दिशा दिखाना मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि खिचड़ी विभिन्न अनाजों के समन्वय से बनी होती है,जो समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने मकर संक्रांति के आध्यात्मिक व सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकार हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान परंपरागत खिचड़ी वितरण एवं सामूहिक खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया के बीच आपसी संवाद एवं समन्वय को मजबूती मिली।

 आयोजको ने मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि-‘धूप की तरह सच को हमने सिर पर उठाया है। कलम जब उत्तरायण हुई तो हर अंधेरा घबराया है।। कार्यक्रम में संस्थापक डॉ.बचन सिंह सिकरवार,अध्यक्ष मनोज मिश्रा,महासचिव विवेक जैन,कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, उपाध्यक्ष अजेंद्र सिंह चौहान(अज्जू),आदर्शनंदन गुप्ता, सचिव आलोक द्विवेदी व अनिल राणा एवं सीनियर फ़ोटो जर्नलिस्ट असलम सलीमी सहित कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, मनीष जैन, जय सिंह वर्मा, शरद शर्मा, फरहान खान,राजेश शर्मा एवं अनेक पत्रकार साथी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मनोज मिश्र ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। भजन गायन अनामिका मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया. डॉ के एन मिश्रा ने भी गायन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दीपक जैन ने किया। मकर संक्रांति की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रिपोर्ट : असलम सलीमी