मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संग वृंदावन में सुनी ‘मन की बात’



युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं नितिन नवीन : योगी आदित्यनाथ

विकास की गति को बढ़ाने के लिए प्राणप्रण से जुटकर योगदान देगा हर कार्यकर्ता : मुख्यमंत्री

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन स्थित पवन हंस हेलीपैड से अक्षयपात्र (चन्द्रोदय मंदिर) पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संग प्रधानमंत्री के ‘मन की बात' कार्यक्रम को सुना।मन की बात' कार्यक्रम का 130वां संस्करण था,जो प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुआ था। मन की बात आकाशवाणी पर प्रसारित किया जाने वाला एक कार्यक्रम है, जिसके जरिये माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के नागरिकों को संबोधित करते हैं। मुख्यमंत्री ने पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का ब्रज की धरा पर स्वागत-अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित करते हुए राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, श्री राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् की गूंज के साथ आध्यात्मिक व राष्ट्रवादी चेतना का संचार करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं। बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवाए दे रहे हैं। संगठन के विभिन्न पदों का निर्वहन करने के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नया दायित्व दिया है। इस दायित्व के पश्चात योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका प्रथम आगमन आह्लादकारी क्षण है।

तीर्थ भूमि है ब्रज,आज भी विरासत का अंश ढूंढते हैं श्रद्धालु :

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन,बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव,बलदेव आदि तीर्थ हजारों वर्षों से सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रेरणा हैं। यहां के रज-रज, कण-कण में श्रीकृष्ण, श्री राधा रानी और हजारों वर्षों की विरासत का अंश श्रद्धालु आज भी ढूंढते हैं। उसके साथ तारतम्य स्थापित करने का प्रयास करते हैं। अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पावन जन्मभूमि भी मथुरा में पड़ती है। माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से ब्रज भूमि भारत की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत के साथ ही विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित करते हुए बढ़ रही है।

यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा :

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू बनकर संबल बन रहा है। पांच साल से अधिक समय से यूपी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड के साथ बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर के कार्यों को धरातल पर उतारती है। हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास कराती है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के साथ बिना भेदभाव के वंचित, नौजवान, किसान, महिलाओं समेत हर तबके को वरीयता के आधार पर शासन की योजना का लाभ दे रही है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से यूपी में विकास की योजनाओं को बिना भेदभाव गांव से शहर तक, प्रत्येक जगह प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य देखने को मिल रहा है। 

अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है यूपी का नौजवान :

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी का नौजवान अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है। देश में अब वह कहीं भी जाकर गर्व से कह सकता है कि मैं यूपी का नागरिक हूं। एक समय था,जब यूपी के सामने पहचान का संकट खड़ा किया गया था, लोग यहां की विरासत को कोसते थे, हमें अपमानित करते थे, बीमारू राज्य होने के कारण हमारे बारे में लोगों का दृष्टिकोण भिन्न था, लेकिन यूपी अब बीमारू नहीं है। देश के विकास के अभियान में जुड़कर यहां के युवा, किसान व आधी आबादी भी कार्य कर रही है। यह भाजपा के प्रति आमजन के विश्वास का प्रतीक है। 

विकास की गति को बढ़ाने के लिए प्राणप्रण से जुटकर योगदान देगा हर कार्यकर्ता :

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, प्रेरणा व नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्ष में विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी ने विश्वास जताया कि इस गति को और तेजी से बढ़ाने के लिए यूपी का एक-एक कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुटकर वर्तमान व भावी भविष्य के निर्माण में योगदान देगा।

यह रहे मौजूद :

कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी , राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम , मंत्री  लक्ष्मी नारायण , माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह , क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य , प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष , जिला प्रभारी अशोक कटारिया , राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई , महापौर विनोद अग्रवाल , जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह , राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह , विधायक श्रीकांत शर्मा पूरन प्रकाश मेघश्याम सिंह व राजेश चौधरी , एम0एल0सी0 ठाकुर ओम प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरीशंकर राजू यादव, कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक शैलैश कुमार पांडेय, एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ, डीएम सीपी सिंह एसएसपी श्लोक कुमार आदि पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट : उत्तम शर्मा