एक शाम सांवरे के नाम समिति द्वारा आयोजित किया गया चतुर्थ विशाल स्वेच्छिक रक्तदान शिविर
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भक्ति जब सेवा का रूप ले ले, तब समाज को जीवन का वरदान मिलता है। इसी भाव को चरितार्थ करते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर हॉल में एक शाम सांवर के नाम समिति द्वारा चतुर्थ विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया,जहां श्रद्धालुओं और रक्तदाताओं ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए 82 यूनिट रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व डायरेक्टर जितेंद्र चौहान,समाजसेवी नितिन कोहली, श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल एवं संजय अग्रवाल,अविनाश राणा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेंद्र चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। यह ऐसा पुण्य कार्य है जिसमें न तो दानकर्ता यह जानता है कि उसका रक्त किसे मिलेगा और न ही प्राप्तकर्ता यह जानता है कि उसे किसने जीवनदान दिया। आज रक्तदान शिविर उत्सव की तरह आयोजित किए जाते हैं और किसी के जीवन की रक्षा से बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता।
समाजसेवी नितिन कोहली ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए,जिससे जरूरतमंदों का जीवन सुरक्षित किया जा सके।
संस्था के संस्थापक संदीप अग्रवाल एवं संरक्षक राजेश राजपूत ने बताया कि समिति द्वारा यह सेवा कार्य निरंतर चौथे वर्ष किया जा रहा है। भक्ति और सेवा संस्था के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। मंदिर प्रांगण में किया गया यह सेवा कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। शिविर में महिला रक्तदाताओं ने भी सहभागिता निभाई।
समिति के अध्यक्ष अंगद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह से दोपहर तक चले इस शिविर में कुल 82 यूनिट रक्तदान किया गया। शिविर में श्री राम चैरिटेबल ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सभी रक्तदाताओं को उपहार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर की व्यवस्थाओं कोषाध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय, संयोजक सौरभ अग्रवाल, महामंत्री शिवम गुप्ता, उपाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, मंत्री सुशील श्रीवास्तव, धीरज मित्तल, राहुल सिंघल, रोहित बंसल, विक्की बंसल, मोनू अग्रवाल, मुरारी शाह, केशव, मनोज, शुभम, विमल, जीतू, अतुल, दीपू, नितिन, नितेश, मनीष अग्रवाल, सोनू दीक्षित, प्रमोद सक्सेना, सुमित सहित ने संभाला।

