श्री कृष्ण लीला रासोत्सव के आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन,विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने किया शहरवासियों से भावपूर्ण आग्रह
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भक्ति,श्रद्धा और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा फिरोजाबाद रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर गुरुवार को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा,जब श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति द्वारा आयोजित होने जा रहे आगामी 14 दिवसीय श्री चैतन्य महाप्रभु लीला एवं श्री कृष्ण लीला रासोत्सव के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन लीला स्थल पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर वातावरण “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक डॉ.धर्मपाल सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्री कृष्ण और श्री चैतन्य महाप्रभु की लीलाएं समाज को प्रेम, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने आगरा शहरवासियों से परिवार सहित इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने का भावपूर्ण आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरिचन्द गर्ग ने आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह रसोत्सव 10 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः 9 से 11 बजे तक श्री चैतन्य महाप्रभु लीला एवं सायंकाल 5 से 8 बजे तक श्री कृष्ण लीला रसोत्सव का मंचन होगा, जो भक्तों को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री रास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट, वृंदावन के कलाकार स्वामी लक्ष्मण महाराज एवं स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में लीलाओं का जीवंत मंचन करेंगे, जिससे भक्तों को ब्रजधाम की अनुभूति होगी। रसोत्सव के समापन उपरांत 25 फरवरी को दोपहर 12 बजे से भव्य प्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
नई लीलाओं का साक्षी बनेगा शहर :
मंच व्यवस्थापक अनीश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष का रसोत्सव विशेष रूप से ऐतिहासिक होगा, क्योंकि आगरा में पहली बार पांच नवीन लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से12 फरवरी को श्री कृष्ण जन्म एवं उखल बंधन लीला, 13 फरवरी को दशावतार एवं गोवर्धन श्रृंगार, 15 फरवरी शिवरात्रि पर शिव विवाह लीला, 16 फरवरी को गोपाल भक्त लीला
24 फरवरी को श्री श्याम सगाई एवं होली का भव्य आयोजन भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
ये रहे उपस्थित :
इस अवसर पर दिनेश चंद्र अग्रवाल, राजीव गुप्ता, ओमप्रकाश बंसल, अनीश अग्रवाल, सत्य प्रकाश बंसल, सतीश चंद्र गर्ग, शंभू नाथ, जयप्रकाश अग्रवाल, नरेश चंद्र गोयल, उमंग अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, मनोज बघेल, रलेश अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

