" एस.एन.मेडिकल कॉलेज " में 'जटिल राइनोप्लास्टी सर्जरी' सफल, 22 वर्षीय युवती को मिली नई जिंदगी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन.एम.सी.) ने एक बार फिर अपनी उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञता का परिचय देते हुए जटिल शल्य चिकित्सा को सफलता पूर्वक अंजाम दिया है। कॉलेज के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने 22 वर्षीय युवती की जटिल राइनोप्लास्टी (Rhinoplasty) सर्जरी कर उन्हें लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत दिलाई।

मरीज पिछले कई वर्षों से ड्रूपी टिप डिफॉर्मिटी (नाक की नोक टेढ़ी एवं झुकी होना) से पीड़ित थीं,जिसके कारण उन्हें शारीरिक असुविधा के साथ-साथ मानसिक संकोच का भी सामना करना पड़ रहा था।

प्लास्टिक सर्जन डॉ.पुनीत भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेषज्ञ टीम—डॉ. ऋषभ यादव,डॉ.मनु बंसल एवं डॉ. सुलभ गर्ग ने आधुनिक तकनीकों और सूक्ष्म सर्जिकल विधियों का उपयोग करते हुए इस चुनौती पूर्ण ऑपरेशन को सफल बनाया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह ठीक है और उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ.प्रशांत गुप्ता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि "एस.एन. मेडिकल कॉलेज आमजन को उच्च स्तरीय और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की सफल सर्जरी न केवल हमारे जूनियर डॉक्टरों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि संस्थान के प्रति जनता के विश्वास को भी सुदृढ़ करती है।

डॉ.पुनीत भारद्वाज ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को देते हुए कहा कि समय पर सटीक निदान,उन्नत तकनीक और टीमवर्क के समन्वय से ही मरीज को इस दीर्घकालिक समस्या से मुक्ति मिल सकी।

यह सफलता एक बार फिर सिद्ध करती है कि एस.एन.मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है और जटिल से जटिल शल्य चिकित्सा भी यहां सफलता पूर्वक की जा रही हैं।