सनातन एकता के संकल्प के साथ विशाल हिंदू सम्मेलन का आमंत्रण पत्र विमोचित
8 फरवरी को जीआईसी मैदान में जुटेगा विशाल सनातन समाज
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सनातन संस्कृति,सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता को सशक्त स्वर देने के उद्देश्य से आगामी 8 फरवरी को जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सकल सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में कोठी मीना बाजार स्थित संचालन कार्यालय पर सम्मेलन के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि विशाल हिंदू सम्मेलन सनातन परंपराओं, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक रोहित होंगे, जो हिंदू समाज को संगठित एवं जागरूक करने का संदेश देंगे।
उन्होंने आगे बताया कि सम्मेलन की मुख्य अतिथि किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष तनीषा सनातनी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ.अलका सेन रहेंगी। इस विराट आयोजन में 3000 से अधिक सनातनियों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सचिव राधा बल्लभ गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन से पूर्व जन-जागरण और आमजन को सम्मेलन से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर 12 बजे भव्य बाइक रैली निकाली।
मीडिया प्रभारी प्रमोद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बाइक रैली पृथ्वीनाथ नगर, शाहगंज क्षेत्र का भ्रमण करेगी और लोगों को विराट हिंदू सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगी। रैली में 500 से अधिक लोग,सैकड़ों बाइक एवं स्कूटी सवारों के साथ सहभागिता करेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में जन-जागरण का संदेश प्रसारित होगा।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में पार्षद पूजा वाल्मीकि, संजीव भारद्वाज, महिला संयोजक प्रतिमा भार्गव, कार्यालय प्रमुख सुधीर टंडन, नगर कार्यवाहक रूप सिंह, सहभागी कार्यवाहक पंकज जादौन आदि उपस्थित रहे।

