युवा जोश और खेल भावना का धमाकेदार आगाज़ : महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ



दीप प्रज्वलन के साथ गूंजा खेल का उद्घोष, रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित “महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट” का शुभारंभ रविवार को दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड पर उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग, संस्थापक अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं मुख्य संरक्षक विनय अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन,एकता और नेतृत्व का सशक्त माध्यम बताया।

शुभारंभ के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा प्रथम मैच में ताजगंज और बेलनगंज टीम के बीच टॉस करवाया गया। टॉस जीतकर ताजगंज ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।

15 ओवर के इस मैच में ताजगंज की टीम 67 रन बनाकर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेलनगंज टीम मात्र 6 ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मुकाबला बेहद रोचक और उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा, जिसने दर्शकों को अंतिम गेंद तक रोमांचित रखा।

दूसरा मैच कचहरी घाट और खंदारी टीम के मध्य खेला गया, जो पूरे दिन का सबसे चर्चित और रोमांचक मुकाबला बना।

टॉस जीतकर खंदारी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 261 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में कचहरी घाट टीम 6 विकेट पर मात्र 75 रन ही बना सकी। खंदारी टीम की विस्फोटक बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी ने दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं।

तीसरे मैच में महानगर टीम और जयपुर हाउस टीम आमने-सामने आईं। महानगर टीम ने 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जयपुर हाउस टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए। यह मैच भी अंत तक कांटे की टक्कर वाला रहा।

मैच की बेहतरीन और जोशीली कमेंट्री से अखलाक ने पूरे मैदान का वातावरण जीवंत बनाए रखा। उनकी उत्साहवर्धक शैली ने खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को पूरे समय बांधे रखा।

अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे से टूर्नामेंट का दूसरा दिन आरंभ होगा, जिसमें सुल्तानपुरा और कमला नगर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसके उपरांत एक सेमीफाइनल मैच आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि खेल, उत्साह और सामाजिक समर्पण का यह संगम केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रेरक प्रयास सिद्ध हो रहा है। 2 मार्च को टूर्नामेंट के समापन के साथ होली मिलन समारोह एवं आगामी 23 मार्च को प्रस्तावित निशुल्क मेडिकल कैंप समाज सेवा के इस संकल्प को और सुदृढ़ करेंगे।

इस अवसर पर महामंत्री अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, संयोजक अंशुल बंसल, मयंक अग्रवाल, विकास बंसल, मयंक गर्ग, मोहित अग्रवाल, प्रदीप गोयल, कुणाल अग्रवाल सहित समन्वय समिति के विभु सिंघल, दीपक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।