हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। 24 फरवरी,मंगलवार को जनपद न्यायालय आगरा परिसर में उस समय हड़कंप मच गया,जब डीजे कोर्ट को ईमेल के माध्यम से परिसर में बम रखे होने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया। पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर चप्पे-चप्पे पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
परिसर को खाली करते हुए,कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की कड़ी चेकिंग की गई तथा संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच जारी है।
जनपद न्यायाधीश ने भी अपने पत्र के माध्यम से सभी को सूचित किया है कि यदि कोई सन्दिग्ध वस्तु या व्यक्ति संज्ञान में आता है तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। 👇



