हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में ‘चैंपियन मीट्स चैंपियन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का शानदार स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर टाटा सिएरा कार की चाबी उन्हें भेंट की गई।
कार्यक्रम का आयोजन अशोक ऑटो सेल्स द्वारा किया गया, जिसकी प्रबंध निदेशक डॉ. रंजना बंसल ने मुख्य भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान गणेश की वंदना से हुआ। इसके बाद 51 गेंदों से विशेष रूप से तैयार माला पहनाकर दीप्ति शर्मा का अभिनंदन किया गया।
इस्कॉन टीम द्वारा अदिति कुकरेजा के मार्गदर्शन में स्वस्ति वाचन के पश्चात, डॉ. रंजना बंसल, दीपक कुमार (कमिश्नर ऑफ पुलिस), अभिनव मौर्य, भरत बंसल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश तथा टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि नितुल शर्मा, प्रसून सिंह और सिद्धार्थ वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से टाटा सिएरा की चाबी भेंट की गई।
रैपिड फायर में दीप्ति ने खोले जीवन के राज :
‘ टी विद दीप्ति’ संवाद सत्र में डॉ.रंजना बंसल ने रैपिड फायर राउंड के माध्यम से दीप्ति शर्मा से उनके जीवन और करियर से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे।
दीप्ति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाई सुमित को देते हुए कहा कि उन्हीं के समर्पण और त्याग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता का भी पूरा सहयोग रहा और उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य पर फोकस रखा।
व्यक्तिगत जीवन पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके जीवन में सिर्फ क्रिकेट ही प्राथमिकता है। अपने सफर को एक पंक्ति में बताते हुए उन्होंने कहा—“कभी हार न मानने की ललक ही मेरी कहानी है।”
उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि “बड़ी सोच, बड़ा सपना, फोकस और अनुशासन—यही सफलता का मंत्र है।”
क्रिकेट और देश सेवा-दोनों के प्रति समर्पण :
डीएसपी पद को लेकर पूछे गए सवाल पर दीप्ति ने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जैसे क्रिकेट की जर्सी उन्हें उत्साह देती है, वैसे ही पुलिस की वर्दी उनके भीतर देशभक्ति का जज्बा बढ़ाती है। उन्होंने इसे अपने परिवार के सपने का साकार होना बताया।
पसंद-नापसंद और निजी जीवन की झलक ;
दीप्ति ने बताया कि क्रिकेट में उन्हें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों ही पसंद हैं और वह एक ऑलराउंडर के रूप में टीम में योगदान देना चाहती हैं। अगर वह क्रिकेटर नहीं होतीं, तो बैडमिंटन खिलाड़ी बनना पसंद करतीं।
उन्होंने यह भी साझा किया कि वह सोने से पहले नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करती हैं। अपनी पसंदीदा चीजों में उन्होंने मां के हाथ के पराठे और जीत के बाद गोलगप्पे खाने का जिक्र किया।
भविष्य की महिला क्रिकेट-''चैपियन”
महिला क्रिकेट के भविष्य पर दीप्ति ने एक शब्द में जवाब दिया-“चैंपियन।” उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जीत के बाद देश में महिला क्रिकेट के प्रति उत्साह और अवसर दोनों बढ़े हैं।
इनकी रही विशेष उपस्थिति :
कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. कुंदनिका शर्मा, सुधीर नारायण, राजेंद्र सचदेवा, वत्सला प्रभाकर, शीला बहल, अशु मित्तल, रीता कपूर, डॉ. परिणीता बंसल, रेनू लंबा, डॉ अर्पणा पोद्दार, दिनेश मित्तल, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, आदर्श नंदन गुप्ता, शिखा जैन, आयुषी चौबे, अशोक चौबे, संजीव चौबे, राजेश गोयल, नीलिमा पटनी, आगरा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशन, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रुति सिन्हा ने किया,जबकि अभय प्रताप और गति सिंह ने संगीत प्रस्तुति देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।

