हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा छावनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से एक प्रतिनिधि मंडल केशो मेहरा,पूर्व प्रदेश महामंत्री (संगठन),भाजपा एवं पूर्व विधायक,आगरा छावनी के नेतृत्व में मिला एवं आगरा छावनी क्षेत्र की अनेक गम्भीर समस्याओं से अवगत कराया।
केशो मेहरा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से देश की समस्त छावनियों को स्थानीय निकाय में विलय करने के सम्बन्ध में कहा कि मैंने आपसे पूर्व में भी इस सम्बन्ध में अनुरोध किया था,इस पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से छावनी परिषदों को स्थानीय निकाय में विलय करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है,लेकिन हमें राज्य सरकार से अभी तक कोई उत्तर नहीं मिला है, हमें राज्य सरकार के उत्तर की प्रतीक्षा है, यदि राज्य सरकारें सहमत हैं, तो हम छावनी परिषदों को स्थानीय निकायों में विलय कर देंगे।
सदर बाजार स्थित सेल्फ फाइनेन्स स्कीम के अन्तर्गत शॉपिंग आर्केड की दुकानों के सम्बन्ध में ध्यान आकर्षित करते हुए विधायक,आगरा छावनी डा0 जी0एस0 धर्मेश ने कहा कि आपके निर्देश के कारण इन दुकानों की ई-नीलामी रुक गई, इस सम्बन्ध में आपसे अनुरोध है कि छावनी परिषद के अधिनियम एवं नियमावली में आवश्यक संशोधन कर इस समस्या को स्थायी रूप से हल किया जाए, प्रत्येक तीस वर्ष बाद इन दुकानों की लीज का स्वतः नवीनीकरण लीज राशि में निर्धारित प्रतिशत की वृद्धि करके कर दिया जाए, अधिक उचित रहेगा इन्हें फ्रीहोल्ड कर दिया जाए।
छावनी क्षेत्र की एक प्रमुख समस्या की ओर राजनाथ सिंह का ध्यान आकर्षित करते हुए छावनी परिषद,आगरा के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल ने कहा कि जीएलआर सर्वे में वर्षों से म्युटेशन नहीं हो रहे हैं, जिससे छावनी परिषद क्षेत्र में जिन्होंने संपत्ति खरीदी है, उनमें बहुत बेचैनी है,यद्यपि अधिनियम एवं नियमावली में स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्धारित अवधि में म्युटेशन किए जाने का प्रावधान है, लेकिन इनका पालन नहीं हो रहा है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अवगत कराया कि छावनी क्षेत्र की पानी की टंकी जर्जर हो चुकी हैं, सार्वजनिक शौचालयों में दरवाजे नहीं हैं एवं बहुत गंदगी है,अनेक सड़कों की मरम्मत होनी है,इस ओर बहुत ध्यान दिलाए जाने पर भी स्थिति सुधर नहीं रही है।
छावनी सदर बाजार एसोसिएशन की ओर से सजल बंसल एवं अनमोल गोयल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आग्रह किया कि देश की समस्त छावनियों की जनसमस्याएँ सामान्यतः एक प्रकार की हैं,अतःआगरा में अखिल भारतीय स्तर पर देश की समस्त छावनियों का एक सम्मेलन बुलाने एवं उसमें उनकी उपस्थिति हो,इस हेतु अनुरोध किया और आग्रह किया कि वर्तमान लोकसभा सत्र के पश्चात आगरा में कार्यक्रम में आने की सहमति प्रदान करें, इस पर रक्षामंत्री ने कहा कि मैं शीघ्र ही विचार कर अवगत कराऊंगा।
प्रतिनिधि मंडल में केशो मेहरा,पूर्व प्रदेश महामंत्री (संगठन) के अतिरिक्त विधायक,आगरा छावनी डा0 जी0एस0 धर्मेश, छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल, सजल बंसल, अनमोल गोयल उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

