अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मां यमुना की विशेष आरती,महिला शक्ति का सम्मान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 8 मार्च,अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने रविवार शाम यमुना आरती स्थल पर मां यमुना की विशेष आरती और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महिला शक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज में उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़ीं डॉ.ज्योति खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, निधि पाठक और रिमझिम वर्मा का सम्मान गोस्वामी नंदन श्रोतरीय तथा पर्यावरणविद् डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने पटुका ओढ़ाकर किया। वक्ताओं ने कहा कि यमुना संरक्षण के अभियान में महिलाओं की भागीदारी प्रेरणादायक है और समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर दिनेश शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, विशाल झा,अमित लवानिया, दीपक राजपूत, मुकेश चौधरी और राकेश गुप्ता ने मां यमुना का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा की तथा विश्व शांति, प्रकृति संरक्षण और यमुना के पुनर्जीवन के लिए प्रार्थना की।

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से यह अभियान निरंतर यमुना आरती, यमुना सफाई अभियान, पतंग उत्सव, जनजागरण रैली, मेले और सांस्कृतिक उत्सवों के माध्यम से आगरा वासियों को शहर की जीवनरेखा यमुना नदी से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रमुख मांगों में यमुना में बैराज निर्माण, नदी की नियमित डिसिल्टिंग, घाटों का जीर्णोद्धार तथा यमुना में अविरल और स्वच्छ जल प्रवाह सुनिश्चित करना शामिल है।

पर्यावरणविद् डॉ.देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि रिवर कनेक्ट कैंपेन का वार्षिक उत्सव 28 और 29 मार्च को यमुना आरती स्थल पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नदी संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।