हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर आगरा में भव्य अक्षय तृतीया महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्रीजगन्नाथ भगवान को चंदन के छापे से सजे श्वेत परिधान धारण कराए गए और चंदन से विशेष श्रृंगार किया गया। भगवान ने बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ पीत वर्ण में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए।
मंदिर परिसर को गुलाब, मोगरा और बेला के सुगंधित पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया। हरिनाम संकीर्तन और भक्ति रस से ओतप्रोत वातावरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि बैसाख और ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए अक्षय तृतीया से 21 दिनों तक भगवान का चंदन लेप से श्रृंगार किया जाएगा। इस अवधि में केवल एक बत्ती से आरती की जाएगी और भगवान को ठंडी तासीर वाले भोग जैसे-सत्तू, आम, खरबूजा, तरबूज और लीची—अर्पित किए जाएंगे। साथ ही मोगरा और बेला के फूलों से फूल बंगला सजाया जाएगा।
अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में राधा-कृष्ण को हरियाली के मध्य विशेष रूप से विराजमान किया गया, जिनके दर्शन को श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। संध्या आरती के उपरांत सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय एवं शाश्वत नन्दलाल दास सहित अनेक गणमान्य भक्त उपस्थित रहे।




