जीआईसी ग्राउंड में 26-27 अप्रैल को सजेगा अंतर्राष्ट्रीय सिंधी मेला,संस्कृति और परंपरा का होगा संगम



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : चेटीचण्ड महोत्सव के उपलक्ष्य में जय झूलेलाल मेला आयोजन समिति द्वारा 26 और 27 अप्रैल को जीआईसी ग्राउंड में दो दिवसीय 6वें अंतर्राष्ट्रीय सिंधी मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में सिंधी संस्कृति, कला, खान-पान और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।

आयोजन समिति के संरक्षक गिरधारी लाल भक्तयानी ने बताया कि यह मेला हमारी संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों की धरोहर है। मेले के प्रति लोगों में खासा उत्साह है और अन्य शहरों से भी लोग इसमें भाग लेने पहुंच रहे हैं।

मेले का उद्घाटन 26 अप्रैल को शाम 6 बजे सोमनाथ धाम के मठाधीश पीर गुरु डॉ.शंकरनाथ योगी करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय मौजूद रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम :

मेला संयोजक कमल छाबड़िया ने जानकारी दी कि मुंबई से प्रसिद्ध सिंधी रॉकस्टार कमलेश कपूर, ज्योति मणी और करण खेमानी अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही जूनियर अमिताभ बच्चन अपनी अभिनय शैली से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले में सिंधी लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक त्योहारों की झलक भी देखने को मिलेगी।

झांकियां और धार्मिक आकर्षण :

मेले में भगवान झूलेलाल मंदिर, स्वामी लीलाशाह मंदिर, माता रानी दरबार सहित विभिन्न संतों की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण होंगी। इसके अलावा झूले, स्टॉल और सिंधी व्यंजनों का भी विशेष प्रबंध रहेगा।

महिला शक्ति और प्रतिभाओं का सम्मान :

कार्यक्रम के दौरान महिला शक्ति वंदन के अंतर्गत सिंधी समाज की महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

27 अप्रैल को मां-बेटी कैटवॉक का आयोजन होगा,जिसमें भारतीय और सिंधी संस्कृति, सभ्यता और भाषा की सुंदर प्रस्तुति देखने को मिलेगी। इस अवसर पर आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।