" करणी सेना " की मांगों पर प्रशासन से वार्ता,आंदोलन फिलहाल स्थगित



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 25 अप्रैल,आगरा में करणी सेना द्वारा प्रस्तावित आंदोलन को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शनिवार को रामबाग स्थित प्रदेश कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस प्रशासन ने एहतियातन रोक दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठन के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया।

प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए 100 फूटा शाहदरा,कालिंदी विहार स्थित पार्क समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया। तीन थानों की फोर्स के साथ-साथ पीएसी भी मौके पर मौजूद रही,जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

इसी बीच प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुरोध पर करणी सेना का एक प्रतिनिधि मंडल अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार से मिला और अपनी मांगों को विस्तार से रखा। संगठन की प्रमुख मांग है कि संबंधित पार्क में बौद्ध प्रतिमा के साथ-साथ भगवान श्रीराम,राधा-कृष्ण और भगवान परशुराम की मूर्तियां भी स्थापित की जाएं,ताकि सभी वर्गों की आस्था का सम्मान सुनिश्चित हो सके।

अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधि मंडल को 10 दिन का समय देते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद करणी सेना ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है।

प्रतिनिधि मंडल में शामिल प्रमुख पदाधिकारी : 

प्रदेश अध्यक्ष संजय चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुज चौहान, प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र राघव, प्रदेश मंत्री दिनेश जादौन, जिला अध्यक्ष (आगरा) धर्मेंद्र परमार, प्रदेश युवा अध्यक्ष करण ठाकुर, महासचिव सुमित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हालांकि संगठन ने चेतावनी भी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया, तो करणी सेना पुनः उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।