सेवा,संस्कार और संवेदनाओं का संगम : सामूहिक विवाह में तीन जोड़ों ने शुरू की नई जिंदगी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सेवा, संस्कार और सामाजिक सहयोग की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब संगिनी के तत्वावधान में लायंस क्लब फ्लेमिंग द्वारा विजय नगर स्थित विजय क्लब में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीन नवविवाहित जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव एवं कल्पना भार्गव उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में जितेंद्र चौहान ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। वहीं अजय भार्गव ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक कुरीतियों को कम करने के साथ-साथ समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान संगिनी की अध्यक्ष सोनालिका अग्रवाल, सचिव मानसी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रीना गोयल के साथ लायंस क्लब फ्लेमिंगो की अध्यक्ष रितिका अग्रवाल, सचिव सलोनी माहेश्वरी एवं दीपा बंसल ने बारातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी वधुओं की आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवयुगलों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट कर भावुक माहौल में विदाई दी गई।

समारोह में रुपाली जैन, रितु गोयल, रितु मित्तल, ऋचा जैन, नेहा माहेश्वरी, पूजा असवानी, मनीषा जैन, प्रियंका, प्रिया अग्रवाल, मान्या चोपड़ा, आदिति अग्रवाल, गीतिका अग्रवाल, प्रिया बंसल, तान्या बंसल, बुलबुल, इशा, सौम्या सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।वा