हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ब्राह्मण एकता मंच,आगरा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रविवार, 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव रामलाल वृद्ध आश्रम, कैलाश मंदिर के निकट, सिकंदरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के दुग्धाभिषेक से हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने उन्हें अंगवस्त्र अर्पित किए और पुष्पमालाएं पहनाकर चरणों में पुष्प समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंच के सदस्यों और आश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों ने एक स्वर में जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
तत्पश्चात आचार्य पं.गयाप्रसाद पाण्डेय द्वारा हवन सम्पन्न कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मंच के अमित लवानिया ने बताया कि इसी आश्रम में 13 जुलाई 2016 को दो दिवसीय नगर भ्रमण के उपरांत भगवान परशुराम जी की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई थी। डॉ. दिवाकर तिवारी और रामेंद्र पचौरी ने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, जिन्होंने धर्म की रक्षा और अधर्म के नाश के लिए अवतार लिया।
यतीश लवानिया और विक्रांत बरूआ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में आश्रम के अध्यक्ष शिवप्रसाद शर्मा के नेतृत्व में महाआरती की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं रोहित उपाध्याय और चतुर्भुज तिवारी ने संभाली। इस अवसर पर डॉ. दिवाकर तिवारी, यतीश लवानिया, रामेंद्र पचौरी, अमित लवानिया, विक्रांत बरूआ, चतुर्भुज तिवारी,रोहित उपाध्याय, सुशील शर्मा, घनश्याम तिवारी, ओम लवानिया, पुनीत भारद्वाज सहित ब्राह्मण एकता मंच के पदाधिकारी एवं आश्रम में निवासरत वृद्धजन उपस्थित रहे।


