– विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
– स्कूली बच्चों को किया जागरूक, सामूहिक संकल्प लिया गया
आगरा : 25 अप्रैल,विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को प्राथमिक विद्यालय सराय बेगा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “मलेरिया समाप्त करने का संकल्प : अब हम कर सकते हैं,अब हमें करना ही होगा” के अनुरूप मलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारी को समाप्त करना अब संभव है,बशर्ते लोग जागरूक होकर समय पर जांच व उपचार कराएं और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि इलाज में देरी होने पर गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
वेक्टर जनित रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने मलेरिया के लक्षण, बचाव और उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर तुरंत जांच कराना और मच्छरदानी का नियमित उपयोग बेहद जरूरी है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने जन सहभागिता को मलेरिया उन्मूलन की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों से आसपास पानी जमा न होने देने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गुंजन दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बच्चों को मलेरिया से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरी पर्वत पश्चिम की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीनम चतुर्वेदी सहित मलेरिया विभाग के कर्मचारी एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अंत में सभी ने मलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
मलेरिया के प्रमुख लक्षण :
तेज बुखार
सिरदर्द
थकान
मांसपेशियों में दर्द
उल्टी
बचाव के उपाय :
मच्छरदानी का नियमित उपयोग
कीटनाशक का छिड़काव
आसपास पानी जमा न होने दें
व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें।


