अक्षय तृतीया पर तपस्या फाउंडेशन का सेवा-संस्कार : दान महोत्सव व भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धा



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सनातन धर्म में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है, जिसे दान और पुण्य अर्जन का सर्वोत्तम दिवस माना जाता है। इसी पावन अवसर पर तपस्या फाउंडेशन द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर, नगला बूढ़ी, दयालबाग में भव्य दान महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक पूजा खिलवानी, संरक्षक नितिन कोहली एवं मार्गदर्शक आचार्य सुनील कुमार वशिष्ठ ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके पश्चात भजन संध्या में हिमांशु कपूर (हरि के दास) ने राधा-कृष्ण की मधुर भक्ति प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

दान महोत्सव के अंतर्गत “दान ही धर्म है” की भावना को साकार करते हुए जरूरतमंद बच्चों एवं उनकी माताओं को अन्न, वस्त्र, फल, शरबत तथा वाटर कूलर सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर पूजा खिलवानी ने कहा कि अक्षय तृतीया सेवा और दान का विशेष पर्व है, इस दिन किया गया दान अक्षय फल प्रदान करता है। वहीं नितिन कोहली ने कहा कि छोटा सा योगदान भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है और संस्था का उद्देश्य सेवा के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।

कार्यक्रम में यूटा के महामंत्री राजीव वर्मा, परमवीर चाहर, महेंद्र वाधवानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। व्यवस्थापक मोहित दिवाकर,दिव्यांश सक्सेना एवं संचालक प्रियंका अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफल व्यवस्था संभाली।