रेलवे में 30 हजार पद सरेंडर करने के फैसले के विरोध में कर्मचारियों का प्रदर्शन,डीआरएम को सौंपा ज्ञापन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारतीय रेलवे में लगभग 30 हजार पदों को सरेंडर किए जाने के रेलवे बोर्ड के निर्णय के विरोध में भारतीय रेलवे मजदूर संघ (BRMS) के आह्वान पर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (UMRKS) द्वारा राष्ट्रव्यापी विरोध पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आगरा मंडल में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल को कर्मचारियों की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि रेलवे बोर्ड के पत्र संख्या ई(एमपीपी) 2025/1/9 दिनांक 24 अप्रैल 2026 के माध्यम से जोनल रेलवे एवं अन्य इकाइयों को स्वीकृत पदों का 2 प्रतिशत पद समर्पित करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी संगठनों ने इसे रेलवे की सुरक्षा, परिचालन क्षमता तथा कर्मचारियों के हितों के विरुद्ध बताया है।

संघ ने कहा कि पहले से ही रेलवे में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, ऐसे में पदों को समाप्त करने से कर्मचारियों पर कार्यभार और बढ़ेगा तथा ट्रेन संचालन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि लगातार पदों में कटौती से पदोन्नति प्रभावित हो रही है और आउटसोर्सिंग को बढ़ावा मिल रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई कि पद समर्पण की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, सुरक्षा श्रेणी के पद समाप्त न किए जाएं तथा सभी रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए। साथ ही किसी भी जनशक्ति संबंधी नीति पर निर्णय लेने से पहले मान्यता प्राप्त यूनियनों से परामर्श करने की मांग भी उठाई गई।

संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे बोर्ड ने इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो कर्मचारियों के हितों एवं रेलवे संचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संगठन आगे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भगोर, जिला मंत्री मुकेश चाहर, मंडल अध्यक्ष हरि बल्लभ दीक्षित, मंडल मंत्री बंशी बदन झा, राहुल कुमार, आर.के. गौतम, राजन सिंह, राजीव कुमार, राकेश मीणा, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।