आत्मनिर्भर आगरा और समग्र औद्योगिक विकास पर होगा मंथन
पर्यटन एवं संस्कृति कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह करेंगे समारोह का शुभारंभ
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। लघु उद्योग भारती के 33वें स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत खंदारी बायपास रोड स्थित होटल सागर रत्ना में भव्य आमंत्रण पत्र विमोचन एवं उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा के लघु उद्योगों की वर्तमान स्थिति,भविष्य की संभावनाओं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि पौराणिक एवं ऐतिहासिक रूप से आगरा का समृद्ध शिल्प एवं उद्योग जगत देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। वर्तमान परिस्थितियों में उद्योगों पर अनेक प्रकार की चुनौतियाँ एवं प्रतिबंध अवश्य हैं, लेकिन केंद्र एवं प्रदेश सरकार लगातार सकारात्मक पहल कर रही हैं और भविष्य भी उद्योगों के लिए सकारात्मक रहेगा। उन्होंने कहा कि जब भी अनुकूल वातावरण बने,उसके लिए उद्यमियों को अभी से तैयार रहना होगा।
उन्होंने बताया कि 24 मई को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में लघु उद्योग भारती का 33वां स्थापना दिवस समारोह “समर्थ और आत्मनिर्भर आगरा : विरासत से विकास तक, आगरा के लघु उद्योगों का स्वर्णिम सफर” विषय पर आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथियों में उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू एवं प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह मुख्य रूप से शामिल रहेंगे।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि लघु उद्योग भारती देश का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन है, जिससे 70 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले के व्यापार और उद्योग की समस्याएँ अलग-अलग होती हैं, जिन्हें संगठन द्वारा केंद्र स्तर तक पहुँचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि उद्योग बढ़ेंगे तो रोजगार बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने आगरा की कनेक्टिविटी को उद्योगों के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और भौगोलिक दृष्टि से आगरा देश के केंद्र में स्थित है, जिससे यहाँ समग्र एवं संतुलित विकास की अपार संभावनाएँ हैं।
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि “पुरातन समर्थ के साथ नया भारत- विरासत से विकास” की भावना को केंद्र में रखकर स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती सभी सूक्ष्म, अति सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को एक मंच पर समेटे हुए है। स्थापना दिवस समारोह में 500 से 600 उद्यमियों की सहभागिता होगी, जिसमें समाज के हर वर्ग के उद्योगपति एवं औद्योगिक संगठन के सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि “आगरा सबका है, इसलिए इसकी चिंता भी सबको करनी होगी। इस चिंतन, मनन और मंथन से जो अमृत निकलेगा, उससे निश्चित रूप से लघु उद्योगों को लाभ मिलेगा।”
महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक उद्योग का विस्तार करते हुए आगरा को पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि लघु उद्योग भारती लीडरशिप एंड एंटरप्रेन्योरशिप एडवांसमेंट प्रोग्राम, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एंड इनोवेशन, एमएसएमई स्टार्टअप, ग्राम शिल्प उद्योग प्रोत्साहन तथा इंडस्ट्री-अकादमी समन्वय जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम संयोजक सीए नितेश गुप्ता ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से उद्यमी शामिल होंगे तथा उद्योगों की सामूहिक और सशक्त आवाज को मंच मिलेगा। कार्यक्रम में आगरा की औद्योगिक पहचान को दर्शाने वाली विभिन्न प्रदर्शन स्टॉल्स भी लगाई जाएंगी। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी सीए आलोक अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, अर्जुन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

