मलेशिया में आगरा के बॉक्सर कुलदीप तरकर ने इंटरनेशनल मुकाबले में दर्ज की शानदार जीत,आगरा आने पर हुआ भव्य स्वागत

 


तरकर का वंदे भारत एक्सप्रेस से आगरा कैंट स्टेशन उतरने पर हुआ जोरदार स्वागत 

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। शमशाबाद रोड स्थित नोफरी गांव निवासी 21 वर्षीय बॉक्सर कुलदीप तरकर ने मलेशिया में आयोजित ट्विन इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। 9 मई 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम वर्ग में कुलदीप ने मेजबान मलेशियाई मुक्केबाज को नॉकआउट कर शानदार जीत हासिल की।

कुलदीप तरकर का यह दूसरा मलेशिया दौरा था। उन्होंने बताया कि प्रो बॉक्सिंग में करियर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने दो वर्ष पूर्व दिल्ली के साकेत स्थित बॉक्सिंग अकादमी में कोच गौरव सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षण शुरू किया था। इस अंतरराष्ट्रीय जीत से उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।

विदेशी धरती पर तिरंगे का मान बढ़ाने वाले कुलदीप का 18 मई को वंदे भारत एक्सप्रेस से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतापपुरा स्थित होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

इस अवसर पर मुनेन्द्र जादौन ने कहा कि कुलदीप तरकर आज के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि छोटे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन कुलदीप ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने सरकार और समाज से ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की भी अपील की।

कुलदीप की इस उपलब्धि पर उनके पिता रामवीर तरकर, चन्द्रपाल सिंह जादौन, सोमेन्द्र जादौन, ललित रघुवंशी, युवराज परिहार, राकेश चौहान, राजीव चौहान, आनन्द कुमार, पीयूष शर्मा, नीरज शर्मा, होशियार सिंह जादौन, दिनेश प्रताप सिंह एवं बॉक्सिंग कोच गौरव सिंह सहित कई लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्ट : असलम सलीमी