पालीवाल पार्क को ‘नो प्लास्टिक ज़ोन’ घोषित करने की मांग,स्वच्छता अभियान चला जागरूक किया



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 24 मई। शहर के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर स्वरूप पालीवाल पार्क में रविवार सुबह विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। समाजसेवी डॉ. संजीव गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पर्यावरण प्रेमियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लेकर पार्क को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान पार्क परिसर से प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य गैर-जैविक कचरे को हटाया गया। प्रतिभागियों ने मांग की कि पालीवाल पार्क को तत्काल “नो प्लास्टिक ज़ोन” घोषित किया जाए तथा पार्क में प्लास्टिक सामग्री लाने और फेंकने पर प्रतिबंध लगाया जाए। इसके लिए जगह-जगह जागरूकता बोर्ड लगाने की भी मांग उठाई गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता के.सी. जैन ने कहा कि पेड़ों के नीचे गिरे सूखे पत्ते कचरा नहीं, बल्कि मिट्टी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच (मल्च) हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के नाम पर सूखे पत्तों को हटाना पर्यावरण के लिए हानिकारक है, क्योंकि इससे मिट्टी की नमी, उर्वरता और जैव विविधता प्रभावित होती है।

सेवानिवृत्त डीएफओ डी.पी. सिंह ने सुझाव दिया कि दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर पार्क में वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए। उन्होंने बताया कि सूखी पत्तियों और जैविक कचरे को जालीदार ऊंचे ढांचों में संरक्षित कर प्राकृतिक कम्पोस्ट तैयार किया जा सकता है, जिसका उपयोग पुनः पौधों और वृक्षों में किया जा सकेगा।

अभियान में उपस्थित लोगों ने कहा कि वास्तविक सफाई का अर्थ प्राकृतिक तत्वों को हटाना नहीं, बल्कि प्लास्टिक और गैर-जैविक कचरे को समाप्त करना है। वक्ताओं ने नागरिकों से पार्क को अपने घर की तरह स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में डी.पी. सिंह को अंकोल का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। अभियान में किशोर जैन, डॉ. आदित्य राय, डॉ. मानसी राय, अनिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, हेमेन्द्र अग्रवाल और रवि शंकर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।